सुपौल व्यापार संघ के अध्यक्ष व सचिव के इस्तीफे की मांग को लेकर व्यापारियों ने किया एक दिवसीय धरना प्रदर्शन
03 अगस्त 2026
रिपोर्टर मोहम्मद नजीर आलम
https://youtu.be/B5WXltuH20E
सुपौल व्यापार संघ के अध्यक्ष अमर कुमार चौधरी उर्फ भगवान चौधरी एवं सचिव युगल किशोर अग्रवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर रविवार को व्यापारियों ने व्यापार संघ कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल व्यापारियों ने संघ के वर्तमान नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष चुनाव कराने और नए नेतृत्व के गठन की मांग की।
धरना का नेतृत्व कर रहे व्यापारी संतोष प्रधान ने कहा कि वर्तमान अध्यक्ष और सचिव बिना चुनाव कराए वर्षों से पद पर बने हुए हैं। उनका आरोप था कि दोनों लोग दबंगई के बल पर व्यापार संघ की कुर्सी पर कब्जा जमाए हुए हैं। उन्होंने कहा, "बिना किसी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खुद ही माला पहनकर अध्यक्ष और सचिव बन जाते हैं। आज तक इन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को जानने या उनके हित में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ये लोग वास्तविक व्यापारी भी नहीं हैं, इसलिए व्यापारियों की पीड़ा नहीं समझ सकते।" संतोष प्रधान ने मांग की कि दोनों पदाधिकारी तत्काल इस्तीफा दें और पारदर्शी तरीके से चुनाव कराया जाए।
वहीं व्यापारी उमाशंकर ने भी वर्तमान नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि व्यापार संघ के अध्यक्ष पर चोरी का कथित आरोप है। उन्होंने कहा, "हम लोगों को ऐसा अध्यक्ष स्वीकार नहीं है, जिस पर इस तरह के आरोप लगे हों। व्यापार संघ की गरिमा बनाए रखने के लिए निष्पक्ष और स्वच्छ छवि वाले व्यक्ति को अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए।"
धरना में शामिल व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने व्यापार संघ में लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल करने, निष्पक्ष चुनाव कराने तथा वर्तमान अध्यक्ष और सचिव से तत्काल इस्तीफा लेने की मांग दोहराई।

0 टिप्पणियाँ