सुपौल में धूमधाम से मनाया गया केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का जन्मदिन, कार्यकर्ताओं ने दी शुभकामनाएं



सुपौल में धूमधाम से मनाया गया केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का जन्मदिन, कार्यकर्ताओं ने दी शुभकामनाएं

By Mohammed najir Alam./edited by Chambal Kumar

सुपौल, बिहार। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्यूलर) के संरक्षक और भारत सरकार में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का 80वां जन्मदिन शुक्रवार 3 अक्टूबर को सुपौल जिले में बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यालय सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उन्हें लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कामना की।



जिले में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन सुपौल के सुंदरपुर स्थित पार्टी कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हम (सेक्यूलर) के जिला अध्यक्ष श्याम कुमार सादा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत दशरथ मांझी के चित्र पर माल्यार्पण और जीतन राम मांझी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई।


इस मौके पर पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि जीतन राम मांझी ने एक साधारण परिवार से निकलकर बिहार के मुख्यमंत्री और अब केंद्र में मंत्री बनकर समाज के वंचित वर्ग के लिए जो काम किया है, वह ऐतिहासिक है। वे आज भी गरीब, दलित और शोषित वर्ग की आवाज बने हुए हैं।



जिला अध्यक्ष श्याम कुमार सादा ने अपने संबोधन में कहा, "जीतन राम मांझी जी हम सभी के प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के हक की लड़ाई लड़ी है। उनका जीवन संघर्ष और सादगी की मिसाल है। हम उनके जन्मदिन पर संकल्प लेते हैं कि उनके बताए मार्ग पर चलकर पार्टी को सुपौल में और अधिक मजबूत करेंगे।"


इस अवसर पर जिला प्रधान महासचिव प्रदीप सादा, जिला प्रवक्ता हृदय सादा, एससी/एसटी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष लक्ष्मण सादा और जिला सचिव चन्द्रहास शर्मा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने बारी-बारी से मांझी जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।


कार्यकर्ताओं ने कहा कि जीतन राम मांझी ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान शिक्षा और विकास के क्षेत्र में कई क्रांतिकारी फैसले लिए थे। आज केंद्र में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री के रूप में भी वे देश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।


कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं के बीच मिठाइयां बांटी गईं और केक काटा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में हम पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष और सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में जीतन राम मांझी जिंदाबाद के नारे लगाए। जिले भर से पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ