धरहरा: 20 सूत्री मांगों को लेकर बीडीओ से मिले एसयूसीआई प्रखंड अध्यक्ष, पानी, आवास और पेंशन समेत कई मुद्दे उठाए



धरहरा: 20 सूत्री मांगों को लेकर बीडीओ से मिले एसयूसीआई प्रखंड अध्यक्ष, पानी, आवास और पेंशन समेत कई मुद्दे उठाए

20 सूत्री मांगों को लेकर बीडीओ से मिले एसयूसीआई के प्रखंड अध्यक्ष, जनसमस्याओं के समाधान की उठाई मांग

धरहरा से चन्दन कुमार की रिपोर्ट।

29 जुलाई 2026

धरहरा प्रखंड में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर बुधवार को एसयूसीआई के प्रखंड अध्यक्ष कामरेड कामेश्वर रंजन के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रश्मि कुमारी से मुलाकात कर 20 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने पेयजल संकट, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, नल-जल योजना, भूमिहीन गरीबों को आवासीय जमीन उपलब्ध कराने तथा भ्रष्टाचार पर रोक लगाने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

कामरेड कामेश्वर रंजन ने कहा कि धरहरा प्रखंड के कई गांवों में आज भी लोग पेयजल, आवास और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में जल्द पहल नहीं की गई तो संगठन आंदोलन तेज करेगा।

ज्ञापन में पहाड़पुर, मुसहरी और जगदीशपुर में पेयजल संकट दूर करने, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों का बकाया भुगतान करने, अधूरे आवासों के लिए सरकार की घोषणा के अनुरूप ₹50 हजार की सहायता देने, सभी भूमिहीन गरीबों को आवासीय जमीन उपलब्ध कराने, शौचालय निर्माण की राशि बढ़ाने, वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन को बढ़ाकर ₹5,000 प्रतिमाह करने, नल-जल योजना की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा अंचल कार्यालय में कथित रिश्वतखोरी एवं भ्रष्टाचार पर रोक लगाने सहित 20 सूत्री मांगें शामिल थीं।

वहीं, प्रखंड विकास पदाधिकारी रश्मि कुमारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मांगों की जांच कराई जाएगी तथा नियमानुसार और यथासंभव जनसमस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ