धरहरा में भाजपा ने लगाया 125 पौधों का संकल्प, गांधी-शास्त्री जयंती पर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
Edited by Chandan Kumar.
धरहरा, मुंगेर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर पूरे देश में चल रहे "सेवा संकल्प अभियान" के तहत गुरुवार को मुंगेर जिले के Dharhara में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
भाजपा जमालपुर विधानसभा की ओर से धरहरा दक्षिणी मंडल में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से लगभग 125 फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री निशुतोष कुमार यादव रहे। कार्यक्रम का संयुक्त नेतृत्व धरहरा दक्षिणी मंडल अध्यक्ष चंद्रचूड़ साक्षी, धरहरा उत्तरी मंडल अध्यक्ष प्रीतम सिंह, जमालपुर नगर पश्चिमी अध्यक्ष शंकर सिंह, जमालपुर नगर पूर्वी अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार भुट्टो एवं जमालपुर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मनीष दयाल गोस्वामी ने किया।
इस अवसर पर उपस्थित नेताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने सेवा भाव के उद्देश्य से देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसी अभियान के तहत पूरे देश में स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण और सेवा कार्य किए जा रहे हैं।
नेताओं ने कहा कि आज का यह वृक्षारोपण कार्यक्रम और भी विशेष है, क्योंकि आज 2 अक्टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती है। दोनों महापुरुषों ने सादगी, सेवा और स्वावलंबन का संदेश दिया था। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए पर्यावरण को बचाने के लिए पौधा लगाना सबसे बड़ी सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उत्तम सिन्हा, राजकमल सिंह, राजीव कुमार सिंह, संतोष कुमार साह, सुनील सोरेन, प्रमोद कोड़ा सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया।






0 टिप्पणियाँ