मुंगेर सदर अनुमंडल उपभोक्ता सहकारी समिति के अध्यक्ष बने ऋषीदेव राय।
जिला सहकारिता पदाधिकारी मीनू कुमारी ने सौंपा प्रमाण पत्र, कहा- जनहित और सहकारिता को मिलेगी नई दिशा।
मुंगेर सदर अनुमंडल उपभोक्ता सहकारी समिति के प्रथम अध्यक्ष के रूप में ऋषीदेव राय निर्वाचित हुए हैं। इस अवसर पर मुंगेर जिला सहकारिता पदाधिकारी मीनू कुमारी ने उन्हें अध्यक्ष पद का प्रमाण पत्र सौंपते हुए सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।ऋषीदेव राय ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता समिति को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी संस्था के रूप में विकसित करना होगी। उन्होंने कहा कि सहकारिता का उद्देश्य केवल संस्था का संचालन नहीं, बल्कि आम उपभोक्ताओं, किसानों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों के हितों की रक्षा करना है। समिति के माध्यम से उचित मूल्य पर आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने, जन वितरण प्रणाली की प्रभावी निगरानी करने तथा उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने का अभियान चलाया जाएगा।उन्होंने कहा कि राशन वितरण में अनियमितता, कालाबाजारी, गलत माप तौल एवं अधिक मूल्य वसूली जैसी शिकायतों को संबंधित विभाग के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। किसानों को खाद, बीज एवं अन्य कृषि संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जाएगा। साथ ही महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों, युवाओं एवं छोटे उद्यमियों को सहकारिता से जोड़कर सरकारी योजनाओं और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि समिति के सभी कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता रखी जाएगी। नियमित बैठकें आयोजित होंगी, आय-व्यय का स्पष्ट लेखा-जोखा रखा जाएगा तथा सदस्यों और आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास किया जाएगा। उपभोक्ताओं को मिलावटी एवं नकली सामान से बचाने, सही तौल और उचित मूल्य सुनिश्चित कराने के लिए भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उनका लक्ष्य समिति को आम जनता के भरोसे की संस्था बनाना है, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँच सके।बताते चलें कि ऋषीदेव राय इससे पूर्व अपनी बेहतरीन कार्यशैली एवं अनुभव के बल पर धरहरा व्यापार मंडल अध्यक्ष तथा हुसैनपुर धटवारी पैक्स अध्यक्ष के रूप में सफलतापूर्वक कार्य कर चुके हैं। उनके कार्यकाल में किसानों और समिति के सदस्यों के हित में कई महत्वपूर्ण पहल की गई, जिसकी व्यापक सराहना हुई थी।ऋषीदेव राय के मुंगेर सदर अनुमंडल उपभोक्ता सहकारी समिति का अध्यक्ष बनाए जाने पर जिले के आम उपभोक्ताओं, किसानों और सहकारिता से जुड़े लोगों में हर्ष का माहौल है। समर्थकों, शुभचिंतकों एवं सहकारिता से जुड़े पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए सफल, पारदर्शी और जनसेवा के लिए समर्पित कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं। लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव और नेतृत्व में समिति आम उपभोक्ताओं एवं किसानों के हितों की रक्षा करते हुए सहकारिता आंदोलन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगी। आप लोग अपना अपना राय कॉमेंट में जरूर दे दीजिए।

0 टिप्पणियाँ