पत्नी के मायके जाने से आहत युवक पानी की टंकी पर चढ़ा, विजयपुर में एक घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा




 *पत्नी के मायके जाने से आहत युवक पानी की टंकी पर चढ़ा, विजयपुर में एक घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

शिकायत पर कार्रवाई की मांग को लेकर टंकी पर चढ़ा युवक पत्रकारों पुलिस-प्रशासन की समझाइश के बाद सुरक्षित उतरा; टला बड़ा हादसा


जिला ब्यूरो चीफ केशव बाथम की रिपोर्ट 


विजयपुर



विजयपुर नगर परिषद क्षेत्र के बस स्टैंड पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से आहत एक युवक पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया। युवक ने आरोप लगाया कि उसकी शिकायत पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे तक समझाइश देकर युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार युवक अपनी पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से परेशान था। वह अपनी शिकायत पर कार्रवाई की मांग को लेकर बस स्टैंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया और ऊपर से लगातार अपनी बात पुलिस व मौजूद लोगों तक पहुंचाता रहा।युवक का कहना था कि जब तक उसकी समस्या का समाधान नहीं होगा, वह नीचे नहीं उतरेगा। घटना की सूचना मिलते ही विजयपुर थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा की दृष्टि से टंकी के आसपास का क्षेत्र खाली कराया गया। पुलिस ने लाउडस्पीकर के माध्यम से युवक को शांत रहने और सुरक्षित नीचे उतरने की अपील की। काफी देर तक समझाइश और भरोसा दिलाने के बाद युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया।घटना के दौरान बस स्टैंड पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई राहगीर और यात्री भी रुककर घटनाक्रम देखते रहे, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद का सामने आया है। दोनों पक्षों से बातचीत कर कानूनी और शांतिपूर्ण तरीके से मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ