सीएचसी धरहरा में बवाल: आयुष्मान मित्र से रंगदारी मांगने का आरोप, अस्पताल परिसर में चले थप्पड़-घूंसे
मुंगेर जिले के धरहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अस्पताल परिसर कथित रंगदारी, मारपीट और धमकी के आरोपों से गूंज उठा। आयुष्मान मित्र आनंद कुमार ने स्थानीय युवक दिनबंधु सिंह पर रंगदारी मांगने, गाली-गलौज करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए धरहरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना के बाद पूरे स्वास्थ्य केंद्र में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच दहशत का माहौल बन गया।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 20 मई को ड्यूटी खत्म कर जैसे ही आनंद कुमार स्वास्थ्य केंद्र से बाहर निकल रहे थे, तभी आरोपी अचानक वहां पहुंच गया और कथित तौर पर रंगदारी की मांग करने लगा। विरोध करने पर मामला गर्मा गया और देखते ही देखते अस्पताल परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। आरोप है कि आरोपी ने खुलेआम गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
अस्पताल परिसर में हो रहे हंगामे और शोर-शराबे से मरीजों और कर्मियों में अफरातफरी मच गई। स्थिति बिगड़ती देख सुरक्षा गार्ड रौबिन कुमार और अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौके पर पहुंचे। लेकिन आरोप है कि आरोपी ने बीच-बचाव करने पहुंचे गार्ड के साथ भी हाथापाई करने की कोशिश की। कर्मचारियों की तत्परता से मामला किसी तरह शांत कराया गया।
मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब पीड़ित ने दावा किया कि पूरे घटनाक्रम की ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है। यदि जांच में रिकॉर्डिंग सही पाई जाती है तो यह पुलिस के लिए बड़ा सबूत साबित हो सकता है। घटना के बाद स्वास्थ्यकर्मियों में भय और नाराजगी का माहौल है। कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल में लगातार इस तरह का दबाव और अभद्र व्यवहार स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित कर रहा है।
सूत्रों की मानें तो आरोपी का संबंध सदर अस्पताल की रोगी कल्याण समिति से बताया जा रहा है। साथ ही वह एक राजनीतिक दल का सक्रिय सदस्य भी बताया जा रहा है, जिसके कारण मामला अब और ज्यादा तूल पकड़ता नजर आ रहा है।
धरहरा थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर कांड संख्या 75/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला कायम किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और ऑडियो रिकॉर्डिंग समेत सभी साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल धरहरा सीएचसी में हुई इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल की शांति पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।


0 टिप्पणियाँ