बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, बाहाचौकी पंचायत में हुई अहम समीक्षा बैठक
कटाव वाले क्षेत्रों की होगी विशेष निगरानी, नाव-पॉलिथीन व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
धरहरा प्रखंड अंतर्गत बाहाचौकी पंचायत में संभावित बाढ़ एवं कटाव से निपटने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को पंचायत भवन में विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अंचलाधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने की। बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों, राजस्व कर्मचारियों, नाविकों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान अंचलाधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों और पंचायत स्तर पर अभी से मजबूत तैयारी जरूरी है। उन्होंने आपदा सम्पूर्ति पोर्टल पर बाढ़ पूर्व पॉलिथीन मांग से जुड़ी रिपोर्ट शीघ्र अद्यतन करने का निर्देश दिया, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत सामग्री समय पर उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने संभावित कटावग्रस्त क्षेत्रों को चिन्हित कर तत्काल रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए। अंचलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जिन इलाकों में हर वर्ष कटाव की समस्या उत्पन्न होती है, वहां पहले से सुरक्षा कार्य और निगरानी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को किसी तरह की क्षति न हो।
बैठक में पंचायत क्षेत्र में उपलब्ध नावों की स्थिति, नाविकों की सूची, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। इसके साथ ही बाढ़ के दौरान सुरक्षित स्थानों की पहचान, राहत शिविरों की व्यवस्था तथा त्वरित सूचना तंत्र को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई।
पंचायत के मुखिया रंजू कुमारी ने पंचायत स्तर पर चल रही तैयारियों की जानकारी देते हुए प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं ग्रामीणों ने भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
इस अवसर पर पंचायत मुखिया रंजू देवी, राजस्व कर्मचारी अमित कुमार, वार्ड सदस्य मनीषा देवी, संजय, चंदन कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार सिंह, रीना देवी, छोटी सिंह, प्रभु कुमार सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।
प्रशासन की सक्रियता और पंचायत स्तर पर चल रही तैयारियों से ग्रामीणों में भरोसा बढ़ा है कि संभावित बाढ़ और कटाव की स्थिति में समय रहते राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएंगे।


0 टिप्पणियाँ