नेपाल बॉर्डर पर SSB की बड़ी कार्रवाई: 100 वॉकी-टॉकी, स्कॉर्पियो और 2.63 लाख नेपाली मुद्रा जब्त, 2 गिरफ्तार
By Mohammad Najir Alam
भारत-नेपाल सीमा पर SSB को मिली बड़ी सफलता
सुपौल, बिहार: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बिहार के सुपौल जिले में 45वीं वाहिनी, बीरपुर के जवानों ने दो अलग-अलग अभियानों में 100 वॉकी-टॉकी, एक स्कॉर्पियो वाहन और 2 लाख 63 हजार नेपाली मुद्रा जब्त की है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई 4 अगस्त की शाम को की गई।
पहला मामला: स्कॉर्पियो से 100 वॉकी-टॉकी बरामद
SSB के अनुसार, सीमा चौकी नियोर पर विशेष नाका जांच के दौरान जवानों ने नेपाल की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो को रोका। वाहन का नंबर AS01AV7949 था।
तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की से दो कार्टन बरामद हुए, जिनमें कुल 100 Baofeng कंपनी के वॉकी-टॉकी और टू-वे रेडियो रखे हुए थे।
वाहन चालक की पहचान नेपाल के सप्तरी जिले के निवासी देवानंद मिश्रा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह इन उपकरणों को नेपाल पहुंचाने के लिए ले जा रहा था और इसके एवज में उसे एक हजार रुपये मिलने वाले थे।
SSB अधिकारियों के मुताबिक, चालक के पास वायरलेस उपकरणों के लिए जरूरी WPC (Wireless Planning & Coordination) या ETA (Equipment Type Approval) का कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं था।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इतनी बड़ी संख्या में संचार उपकरणों का पकड़ा जाना सामान्य घटना नहीं है। यह किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर सकता है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह सारा सामान दिल्ली से कोरियर के जरिए मंगाया गया था। अब एजेंसियां कोरियर नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही हैं।
दूसरा मामला: 2.63 लाख नेपाली मुद्रा के साथ एक गिरफ्तार
इसी दौरान सीमा चौकी कटैया पर एक अन्य कार्रवाई में SSB ने नेपाल से भारत आ रहे एक व्यक्ति को रोका। उसकी पहचान रविंद्र यादव के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 2 लाख 63 हजार नेपाली मुद्रा बरामद की गई।
पूछताछ के दौरान वह मुद्रा से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद SSB ने नेपाली मुद्रा और उसकी साइकिल को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, भीमनगर को सौंप दिया।
SSB कमांडेंट का बयान।
45वीं वाहिनी SSB के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सीमा की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए SSB पूरी तरह से सतर्क है। किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल जब्त किए गए सभी सामान को संबंधित विभागों को सौंप दिया गया है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है। इस कार्रवाई के बाद सीमा पार अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
रिपोर्ट: मोहम्मद नजीर आलम, सुपौल



0 टिप्पणियाँ