बेलगाम ई-रिक्शा का कहर: टहल रहे दो दोस्तों को पीछे से मारी टक्कर, चालक रिक्शा लेकर भागा



बेलगाम ई-रिक्शा का कहर: टहल रहे दो दोस्तों को पीछे से मारी टक्कर, चालक रिक्शा लेकर भागा

By Chandan Kumar 

02 अगस्त 2026 

धरहरा-वसौनी रोड पर रविवार की शाम बेलगाम रफ्तार का कहर देखने को मिला। चमेली बाग की तेल टंकी के पास शाम को टहल रहे दो युवक तेज रफ्तार ई-रिक्शा की चपेट में आकर लहूलुहान हो गए, जबकि चालक मौका पाते ही वाहन लेकर फरार हो गया।


घायल युवक धरहरा गांव के ही रहने वाले हैं - 19 वर्षीय हरि ओम कुमार, पिता धनंजय सिंह और 20 वर्षीय हर्षित कुमार, पिता नितेश कुमार सिंह। दोनों को ग्रामीणों ने आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरहरा में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।


बताया जाता है कि दोनों दोस्त रोज की तरह शाम में सड़क किनारे टहल रहे थे। इसी दौरान वसौनी की ओर से आ रहा ई-रिक्शा बेकाबू गति से आया और पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।


हादसे के बाद इलाके में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर ई-रिक्शा चालक बेरोकटोक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं। लोगों ने पुलिस से फरार चालक को पकड़कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ