मुंगेर जिला के धरहरा गांधी फुटबॉल स्टेडियम, धरहरा में मंगलवार को खेले गए रवींद्र प्रसाद सिंह मेमोरियल मुंगेर जिला फुटबॉल लीग के मुकाबले में SSC शीतलपुर 'A' ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्री शंकर स्पोर्टिंग क्लब धरहरा 'B' को 3-0 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की।
By Chandan Kumar
पूरे मैच में शीतलपुर की टीम का दबदबा देखने को मिला और खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल के साथ दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
मुंगेर जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित इस मुकाबले के शुभारंभ से पहले मुख्य अतिथि जमालपुर रेल पुलिस अधीक्षक विद्यासागर, मुंगेर जिला फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष पूर्वेंदु नारायण सिंह तथा श्री शंकर स्पोर्टिंग क्लब धरहरा के सचिव अनिल कुमार सिंह ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सीटी बजते ही दोनों टीमों ने आक्रामक अंदाज में खेल की शुरुआत की। श्री शंकर स्पोर्टिंग क्लब धरहरा 'B' ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाया, लेकिन SSC शीतलपुर 'A' के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी।
धरहरा फुटबॉल लीग: SSC शीतलपुर 'A' का शानदार प्रदर्शन, श्री शंकर स्पोर्टिंग क्लब 'B' को 3-0 से हराया । वही आज के मैच के मैन ऑफ द मैच के खिलाड़ी जर्सी नंबर 10 के विजेंद्र कुमार रहे
शीतलपुर की ओर से जर्सी नंबर 10 पहनकर मैदान में उतरे विजेंद्र कुमार ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पहले हाफ में लगातार दो गोल दागे। उनके इन गोलों की बदौलत मध्यांतर तक शीतलपुर ने 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली।
दूसरे हाफ में भी शीतलपुर का आक्रमण जारी रहा। खेल के 40वें मिनट में टीम ने एक और गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। इसके बाद धरहरा की टीम वापसी की कोशिश करती रही, लेकिन शीतलपुर की मजबूत रक्षा पंक्ति के सामने उसे कोई सफलता नहीं मिली। निर्धारित समय समाप्त होने पर SSC शीतलपुर 'A' ने 3-0 से शानदार जीत अपने नाम कर ली।
मैच में संतोष कुमार सिंह ने मुख्य निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि सुधांशु और आशीष कुमार सहायक निर्णायक रहे।
इस अवसर पर आईजी टीम के कोच निलेश कुमार, बदरी मंडल, सुनील सिंह, लोजपा रामविलास के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष मिथिलेश कुमार, एथलेटिक कोच अरविंद कुमार, धर्मवीर कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। दर्शकों ने पूरे मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और रोमांचक मुकाबले का आनंद लिया।
रिपोर्टर चन्दन कुमार

0 टिप्पणियाँ