फर्जी नंबर प्लेट का खेल। ओवरलोड बालू से लदा 18 चक्का ट्रक पकड़ा गया, चालक-खलासी भी हिरासत में

 


फर्जी नंबर प्लेट का खेल। ओवरलोड बालू से लदा 18 चक्का ट्रक पकड़ा गया, चालक-खलासी भी हिरासत में

By Chandan Kumar ।

हेमजापुर। अवैध बालू परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ हेमजापुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 18 चक्का ट्रक को जब्त किया है। यह ट्रक फर्जी नंबर प्लेट लगाकर ओवरलोड बालू का परिवहन कर रहा था। पुलिस ने मौके से चालक और खलासी को भी हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, ट्रक जमुई नदी से बालू लोड कर लखीसराय, सूर्यगढ़ा और मेदनी चौकी के रास्ते आगे जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।

गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे हेमजापुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक भारी वाहन फर्जी नंबर प्लेट के सहारे ओवरलोड बालू लेकर गुजर रहा है। सूचना मिलते ही एसआई संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया।

जांच में सामने आया फर्जीवाड़ा

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें क्षमता से अधिक बालू लदा पाया गया। जब कागजातों की जांच की गई तो मामला और गंभीर हो गया। ट्रक पर लगी नंबर प्लेट JH 02AX 4554 (झारखंड) बताई जा रही थी, जो जांच में फर्जी निकली।

पुलिस जांच में ट्रक का वास्तविक नंबर BR 01 5445 पाया गया। इसके बाद वाहन को तत्काल जब्त कर लिया गया और चालक व खलासी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।

जमुई से बालू, झारखंड नंबर प्लेट का इस्तेमाल

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि बालू जमुई नदी से लोड किया गया था, ट्रक लखीसराय–सूर्यगढ़ा–मेदनी चौकी हेमजपुर मार्ग से गुजर रहा था और उस पर झारखंड का फर्जी नंबर प्लेट लगाया गया था। इससे अवैध बालू कारोबार और फर्जी रजिस्ट्रेशन के नेटवर्क पर सवाल खड़े हो गए हैं।

वाहन मालिक का नाम हस्तानंद, ग्राम परतापुर (लखीसराय) बताया जा रहा है। हालांकि पूरे मामले की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

खनन विभाग भी जांच में सक्रिय

इस मामले में खान निरीक्षक प्रिया कुमारी भी जांच में जुटी हैं। पुलिस और खनन विभाग यह पता लगाने में लगे हैं कि बालू का उठाव वैध था या नहीं और फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया।

हेमजापुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। ओवरलोड बालू और फर्जी नंबर प्लेट का मामला सामने आने के बाद ट्रक को जब्त कर लिया गया है तथा चालक-खलासी से पूछताछ जारी है।

फिलहाल इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध बालू परिवहन और फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

रिपोर्ट चन्दन कुमार।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ