धरहरा में फुटबॉल लीग का रोमांच, श्री शंकर स्पोर्टिंग क्लब 'सी' ने नवटोलिया 'बी' को 3-0 से रौंदा
By Chandan Kumar
05 अगस्त 2026
धरहरा प्रखंड के गांधी फुटबॉल स्टेडियम में मुंगेर जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित रवींद्र प्रसाद सिंह मेमोरियल मुंगेर जिला फुटबॉल लीग में सोमवार को एकतरफा मुकाबला देखने को मिला।
लीग का आज का मैच श्री शंकर स्पोर्टिंग क्लब धरहरा 'सी' वनाम नवटोलिया 'बी' के बीच खेला गया। मैच शुरू होने से पूर्व मुख्य अतिथि मुंगेर जिला फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष पूर्वेंदु नारायण सिंह एवं श्री शंकर स्पोर्टिंग क्लब धरहरा के सचिव अनिल कुमार सिंह ने मैदान में पहुंचकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
सीटी बजते ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। नवटोलिया के खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत की, लेकिन धरहरा के खिलाड़ी हावी रहे। धरहरा की ओर से जर्सी नंबर 3 ने पहला गोल दाग कर टीम को बढ़त दिलाई।
मध्यांतर के बाद खेल और रोमांचक हो गया। खेल के 35वें मिनट में जर्सी नंबर 13 ने दूसरा गोल किया, जबकि कुछ ही देर बाद जर्सी नंबर 10 ने तीसरा गोल कर जीत पक्की कर दी। इस प्रकार श्री शंकर स्पोर्टिंग क्लब 'सी' ने 3-0 से शानदार जीत दर्ज की।
आज के मैच में मुख्य निर्णायक की भूमिका संतोष कुमार सिंह ने निभाई, जबकि सहायक निर्णायक सुधांशु और आशीष कुमार रहे। इस अवसर पर बदरी मंडल, सुनील सिंह, एथलेटिक कोच अरविंद कुमार, धर्मवीर कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि कल का मुकाबला श्री शंकर स्पोर्टिंग क्लब धरहरा 'बी' और शीतलपुर के बीच खेला जाएगा।

0 टिप्पणियाँ