धरहरा जगदीशपुर में राशन डीलर के सूने घर में चोरी, नकदी, घड़ी और कांसे के बर्तन ले उड़े चोर
By Chandan Kumar
मुंगेर जिला के धरहरा प्रखंड अंतर्गत जगदीशपुर गांव में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। गांव के राशन डीलर के घर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने घर में रखे नकद रुपए, हाथ घड़ी और कांसे के बर्तनों की चोरी कर ली। घटना के समय गृहस्वामी अपने घर पर मौजूद नहीं थे। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर निवासी राशन डीलर अपनी पत्नी के इलाज के लिए मुंबई गए हुए थे। घर पूरी तरह से बंद और सूना पड़ा था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने परसो बीती रात चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया।
गृहस्वामी जब मुंबई से बीती रात लौटे तो उन्होंने देखा कि घर के पीछे बाला दरवाजा का ताला टूटा हुआ है और घर के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। जब उन्होंने घर की तलाशी ली तो पाया कि घर में रखा सब कुछ गायब है।
पीड़ित गृहस्वामी के कथन के अनुसार, चोर घर से एक कीमती हाथ घड़ी, लगभग 13,000 रुपये और 400 सौ का खुदरा नगद और घर में जितने भी कांसे के बर्तन थे, सभी चोरी कर ले गए। बताया जा रहा है कि कांसे के बर्तनों की संख्या काफी अधिक थी और उसकी बाजार में कीमत भी अच्छी खासी है। चोरों ने बड़ी ही चालाकी से इस घटना को अंजाम दिया है, जिससे किसी को भनक तक नहीं लगी।
धरहरा थाने में दिया आवेदन
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने इसकी लिखित शिकायत धरहरा थाने में दर्ज कराई है। आवेदन में उन्होंने चोरी गए सामानों की पूरी सूची और अनुमानित कीमत 30000 का उल्लेख किया है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने और चोरी गया सामान बरामद करने की गुहार लगाई है।
वही इस संबंध में धरहरा थाना पुलिस ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल का मुआयना किया जा रहा है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



0 टिप्पणियाँ