बुधवार को कोलकाता के तारातला हादसे में मृत प्रवासी मजदूर के परिजनों को चार लाख रुपये का स्वीकृति पत्र सौंपते जमालपुर विधायक नचिकेता मंडल एवं श्रम विभाग के अधिकारी।
कोलकाता के तारातला हादसे में जान गंवाने वाले प्रवासी मजदूर के परिजनों को मिली चार लाख रुपये की सहायता।
पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित तारातला क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन ढहने की घटना में जान गंवाने वाले मुंगेर जिले के प्रवासी मजदूर स्वर्गीय मन्नू कुमार (पिता–राजेंद्र राम) के परिजनों को बिहार सरकार की बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना के तहत चार लाख रुपये का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। यह स्वीकृति पत्र जमालपुर विधानसभा के विधायक नचिकेता मंडल ने मृतक के परिजनों को सौंपा।
इस अवसर पर विधायक नचिकेता मंडल ने कहा कि तारातला की घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि सरकार एवं वे स्वयं इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पात्र परिवारों को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाएगा तथा हरसंभव सहायता दिलाई जाएगी।
श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इसी हादसे में जान गंवाने वाले घी कुमार के मामले में कुछ आवश्यक दस्तावेज लंबित हैं। कागजात पूरे होते ही उनकी माता मीरा देवी को भी योजना के तहत चार लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध करा दी जाएगी। वहीं, तारातला हादसे के एक अन्य मृतक सिरचन कुमार के परिजनों को योजना के तहत सहायता राशि पहले ही प्रदान की जा चुकी है।
कार्यक्रम में श्रम अधीक्षक दिलीप कुमार झा ने बताया कि राज्य सरकार प्रवासी मजदूरों के हितों की सुरक्षा एवं दुर्घटना की स्थिति में उनके आश्रितों को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से यह योजना संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही लाभुकों को सहायता राशि उपलब्ध करा दी जाएगी।


0 टिप्पणियाँ