कनीय अभियंता ने किया निरीक्षण, तत्काल मरम्मत के निर्देश; विभाग ने मांगी रिपोर्ट

 




कनीय अभियंता ने किया निरीक्षण, तत्काल मरम्मत के निर्देश; विभाग ने मांगी रिपोर्ट

ओवरलोड हाइवा से धंसी पुलिया, छह गांवों का टूटा संपर्क



क्षमता से अधिक भार वाले हाइवा और 14 चक्का ट्रकों के परिचालन ने आखिरकार धरहरा प्रखण्ड के दरियापुर-विक्रमपुर ग्रामीण सड़क की पुलिया को ध्वस्त कर दिया। गुरुवार को ठाकुरबाड़ी के पास बरमन्नी मोड़ स्थित पुलिया पर गिट्टी लदा हाइवा गुजरते ही पुलिया धंस गई और वाहन बीच सड़क में फंस गया। घटना के बाद कई घंटों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। जेसीबी की मदद से हाइवा को बाहर निकाला गया।


शुक्रवार को ग्रामीण कार्य विभाग की कनीय अभियंता सोनी कुमारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संवेदक को तत्काल मिट्टी भराई कर आवागमन बहाल कराने का निर्देश दिया। साथ ही पूरे मामले की रिपोर्ट विभाग को भेजते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


पुलिया क्षतिग्रस्त होने से बरमन्नी, विलोखर, बरमसिया, बांक्षीटांड़, अमानत और लकड़ी आहार समेत छह गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


ग्रामीणों का आरोप है कि कमलदह गांव में माला देवी कंस्ट्रक्शन द्वारा सड़क निर्माण कार्य के लिए क्षमता से अधिक भार वाले 14 चक्का ट्रकों और हाइवा से लगातार निर्माण सामग्री ढुलाई कराई जा रही थी। भारी वाहनों का दबाव पुलिया नहीं झेल सकी और क्षतिग्रस्त हो गई।


स्थानीय ग्रामीण एवं बीस सूत्री सदस्य चंद्रचूड़ साक्षी ने बताया कि ग्रामीण सड़क पर अधिकतम 10 टन क्षमता तक के वाहनों के परिचालन की अनुमति है। उन्होंने कहा कि संवेदक को पहले ही छोटे वाहनों से सामग्री ढुलाई की सलाह दी गई थी, लेकिन इसे नजरअंदाज किया गया।


ग्रामीण कार्य विभाग के अनुमंडल पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना विभाग को भेज दी गई है। विभागीय दिशा-निर्देश मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ