धरहरा थाना क्षेत्र के पचरुखी गांव में पति-पत्नी के बीच हुआ मामूली घरेलू विवाद अचानक हिंसक हो गया। विवाद के दौरान गुस्साए ससुर ने अपने ही दामाद पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया जा रहा है।
घायल की पहचान बरियारपुर थाना क्षेत्र के डिग्री मुसहरी गांव निवासी चिनो मांझी के पुत्र जूली मांझी के रूप में हुई है। जूली मांझी ने बताया कि वह ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता है और विवाह के बाद से अपनी ससुराल पचरुखी गांव में ही रह रहा है।
घायल जूली मांझी कि गुरुवार को उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान उसके ससुर सुधीर मांझी वहां पहुंचे और आक्रोश में आकर कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे तत्काल धरहरा अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। वही इस मामले में धरहरा थाना अध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि अभी तक पुलिस को कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ