धरहरा यूआरबी में जलजमाव से बढ़ी परेशानी, जान जोखिम में डाल रेलवे ट्रैक पार कर रहे स्कूली बच्चे







यूआरबी में जलजमाव से बढ़ी परेशानी, जान जोखिम में डाल रेलवे ट्रैक पार कर रहे स्कूली बच्चे

धरहरा से चन्दन कुमार की रिपोर्ट।


https://youtu.be/-foJFkGMRBs

20 नंबर गुमटी महरना के अंडरपास में भरा पानी, चार-पांच गांवों का आवागमन प्रभावित; ओवरब्रिज निर्माण की उठी मांग


जमालपुर-किऊल रेलखंड स्थित धरहरा रेलवे-स्टेशन के समीप महरना गांव के 20 नंबर गुमटी के समीप बने अंडरपास (यूआरबी) में जलजमाव होने से चार से पांच गांवों के लोगों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। स्कूल रेलवे लाइन से महज 50 मीटर की दूरी पर होने के कारण बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करने को मजबूर हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।ग्रामीणों ने बताया कि हल्की बारिश के बाद ही यूआरबी में कई फीट तक पानी भर जाता है। पानी लंबे समय तक जमा रहने से अंडरपास से गुजरना मुश्किल हो जाता है। मजबूरी में लोग रेलवे लाइन पार कर अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। यह मार्ग आसपास के चार से पांच गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से छात्र-छात्राएं स्कूल, किसान खेत तथा ग्रामीण बाजार सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए आते-जाते हैं। जलभराव के कारण पैदल यात्रियों के अलावा बाइक, ऑटो और अन्य छोटे-बड़े वाहनों का परिचालन भी प्रभावित हो रहा है। कई बार वाहन पानी में फंस जाते हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। ग्रामीण शनिचर यादव, सन्नी कुमार, ललन यादव और झल्लू यादव उर्फ अनुरंजन कुमार ने बताया कि हर वर्ष यूआरबी में जलभराव की समस्या होती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उनका कहना है कि जब तक 20 नंबर गुमटी पर ओवरब्रिज का निर्माण नहीं होगा, तब तक लोगों को इस समस्या से निजात नहीं मिलेगी। ग्रामीणों ने रेल प्रशासन से यूआरबी में स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था करने तथा 20 नंबर गुमटी पर शीघ्र ओवरब्रिज का निर्माण कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। वहीं इस संबंध में आईओडब्ल्यू जमालपुर ललन कुमार ने बताया कि यूआरबी से पानी की निकासी की जा रही है शीघ्र ही आवागन सुचारू रूप से चालू कर दी जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ