धरहरा में शिक्षा का नया सूर्योदय: वर्षों का इंतजार खत्म, मिला पहला सरकारी डिग्री कॉलेज
आज से गूंजेगी स्नातक की पढ़ाई, हजारों विद्यार्थियों के सपनों को मिली नई उड़ान
धरहरा (मुंगेर)। धरहरा प्रखंड के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। वर्षों से सरकारी डिग्री कॉलेज की मांग कर रहे हजारों छात्र-छात्राओं का सपना आखिरकार साकार हो गया। अब उच्च शिक्षा के लिए युवाओं को दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भागलपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजकीय डिग्री कॉलेज, धरहरा का लोकार्पण करेंगे। उद्घाटन के साथ ही स्नातक प्रथम सेमेस्टर की नियमित कक्षाओं का भी शुभारंभ हो जाएगा।
धरहरा को पहला सरकारी डिग्री कॉलेज मिलने से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। अब यहां के विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए मुंगेर, जमालपुर, भागलपुर या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे न केवल समय और धन की बचत होगी, बल्कि ग्रामीण परिवारों के बच्चों, विशेषकर छात्राओं को अपने घर के नजदीक ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
यह कॉलेज राज्य सरकार की 'सात निश्चय-3 (2025–30)' योजना के तहत स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य डिग्री कॉलेज से वंचित प्रखंडों तक उच्च शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। इस नए महाविद्यालय को मुंगेर विश्वविद्यालय का अंगीभूत कॉलेज बनाया गया है।
फिलहाल कॉलेज का संचालन कुमार रामानंद स्मारक प्लस-टू उच्च विद्यालय के छह कमरों वाले भवन से होगा। जिला प्रशासन ने बिजली, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर, ब्लैकबोर्ड सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा दी हैं, ताकि पहले दिन से ही पढ़ाई सुचारु रूप से शुरू हो सके।
उद्घाटन से पूर्व मंगलवार को अपर समाहर्ता मनोज कुमार ने कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान बीडीओ रश्मि भारती, सीओ विरेंद्र कुमार, प्राचार्य डॉ. मोहम्मद अलाउद्दीन, बर्सर डॉ. अवनीश चंद्र पांडेय, शिक्षक संजीव कुमार, सुबोध मंडल सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वही 15/07/2026 को जमालपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नचिकेता मंडल भी मौजूद रहेंगे।
धरहरा के लिए यह केवल एक कॉलेज का उद्घाटन नहीं, बल्कि शिक्षा, विकास और आत्मनिर्भर भविष्य की नई शुरुआत है। यह संस्थान आने वाली पीढ़ियों के सपनों को नई उड़ान देगा और पूरे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

0 टिप्पणियाँ