ढाई कट्ठा जमीन के लिए खून के रिश्ते हुए तार-तार, दो सगे भाइयों के परिवारों में खूनी संघर्ष; पिता-पुत्र समेत तीन घायल




ढाई कट्ठा जमीन के लिए खून के रिश्ते हुए तार-तार, दो सगे भाइयों के परिवारों में खूनी संघर्ष; पिता-पुत्र समेत तीन घायल



लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला, दो की हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल रेफर; पुलिस जांच में जुटी



धरहरा (मुंगेर)। हेमजापुर थाना क्षेत्र के छर्रापट्टी गांव में सोमवार को महज ढाई कट्ठा जमीन के विवाद ने खून के रिश्तों को शर्मसार कर दिया। दो सगे भाइयों के परिवार आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हुई मारपीट में एक पक्ष के पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


घायलों की पहचान उमेश यादव (39), उनके पुत्र दिव्यांशु कुमार (18) और अमित कुमार (15) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरहरा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उमेश यादव और दिव्यांशु कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।


घायल उमेश यादव की पत्नी कविता देवी ने आरोप लगाया कि चौरदीगर स्थित करीब ढाई कट्ठा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद में उनके देवर मृत्युंजय यादव, सास सरस्वती देवी, ससुर तनिक यादव, विभा देवी, भतीजा पियूष कुमार और भतीजी श्वेता कुमारी ने लाठी-डंडे एवं ईंट-पत्थर से हमला कर उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। मारपीट के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है।


हेमजापुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में आवेदन मिलने पर पूरे मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ