मुंगेर में आईडीए बिहार स्टेट की तृतीय कार्यकारिणी समिति की बैठक एवं सीडीई कार्यक्रम का सफल आयोजन



मुंगेर में आईडीए बिहार स्टेट की तृतीय कार्यकारिणी समिति की बैठक एवं सीडीई कार्यक्रम का सफल आयोजन


इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) बिहार स्टेट की तृतीय कार्यकारिणी समिति (थर्ड एग्जीक्यूटिव कमिटी) बैठक एवं सतत दंत चिकित्सा शिक्षा (सीडीई) कार्यक्रम का सफल आयोजन आईडीए मुंगेर की मेजबानी में शगुन गार्डन, मुंगेर में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आईडीए मुंगेर के अध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार एवं सचिव डॉ. उदय शंकर के नेतृत्व में संपन्न हुआ।


कार्यक्रम का मुख्य विषय था कि आधुनिक तकनीकों के माध्यम से मरीजों को बेहतर डेंचर एवं कृत्रिम दांत किस प्रकार उपलब्ध कराए जाएं। इस विषय पर विस्तृत चर्चा एवं मंथन किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. संतोष आनंद (पटना डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, पटना) ने अपने व्याख्यान के माध्यम से बिहार के विभिन्न जिलों से आए दंत चिकित्सकों को आधुनिक डेंटल प्रोस्थोडॉन्टिक तकनीकों एवं उपचार पद्धतियों की जानकारी दी।


इस अवसर पर आईडीए बिहार स्टेट के सचिव डॉ. कुमार मानवेंद्र, अध्यक्ष डॉ. मेजर पुलिन वर्मा, वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. बी.बी. वर्मा तथा मुंगेर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. श्रीवास्तव सहित राज्यभर से आए अनेक दंत चिकित्सक उपस्थित रहे।


आईडीए मुंगेर के सचिव डॉ. उदय शंकर ने कहा कि बिहार स्तरीय डेंटल कार्यक्रम का मुंगेर में आयोजन करना एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन आईडीए मुंगेर के सभी सदस्यों के सहयोग से इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे कार्यक्रमों से स्थानीय दंत चिकित्सकों का ज्ञान एवं कौशल बढ़ेगा तथा आने वाले समय में शहरवासियों को और बेहतर दंत चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।


आईडीए मुंगेर के अध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार ने इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं गुणवत्तापूर्ण बताते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजन दंत चिकित्सा के क्षेत्र में नई तकनीकों के प्रसार और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ