दूसरे को झूठे आर्म्स एक्ट केस में फंसाने की साजिश नाकाम, पिस्तौल लेकर थाना पहुंचा युवक गिरफ्तार
दूसरे को झूठे आर्म्स एक्ट के मामले में फंसाने की कथित साजिश रचने वाला युवक अपनी ही योजना में फंस गया। पिस्तौल और दो कारतूस लेकर धरहरा थाना पहुंचे युवक की कहानी पुलिस की प्रारंभिक जांच में ही संदिग्ध लगने लगी। गहन पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस अब बरामद हथियार के स्रोत और पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, धरहरा थाना क्षेत्र के औड़ाबगीचा निवासी ललन यादव शनिवार सुबह करीब नौ बजे एक पिस्तौल और दो कारतूस लेकर धरहरा थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि गांव के ही राजा यादव उन्हें जान से मारने की नीयत से हथियार लेकर आए थे। उनका दावा था कि धक्का-मुक्की के दौरान उन्होंने राजा यादव से पिस्तौल छीन ली और उसे लेकर सीधे थाना पहुंच गए।
हालांकि, युवक की कहानी पर पुलिस को शुरुआत से ही संदेह हुआ। थानाध्यक्ष सोनू कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान युवक के बयान में कई विरोधाभास सामने आए, जिसके बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की।
जांच में पुलिस के अनुसार यह बात सामने आई कि ललन यादव ने कथित रूप से स्वयं पिस्तौल खरीदकर राजा यादव को झूठे आर्म्स एक्ट के मामले में फंसाने की योजना बनाई थी। इसी उद्देश्य से वह हथियार लेकर थाना पहुंचा और पुलिस को मनगढ़ंत कहानी बताकर गुमराह करने का प्रयास किया। लेकिन जांच के दौरान उसकी पूरी योजना उजागर हो गई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि बरामद हथियार कहां से खरीदा गया, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा आरोपी का आपराधिक इतिहास क्या है, इन सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ