एक महीने में ही जर्जर हुई 77 लाख की सड़क,संवेदक की मनमानी पर क्यों चुप है प्रशासन?
रिपोर्टर मोहम्मद नजीर आलम
सुपौल जिले के बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत सातन पट्टी पंचायत के वार्ड संख्या 4 में मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत करीब 77 लाख रुपये की लागत से निर्मित सड़क महज एक महीने के भीतर ही बदहाल हो गई है। सड़क की स्थिति खराब होने से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में भारी अनियमितता बरती गई तथा घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण सड़क जगह-जगह से टूटने लगी है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान ही गुणवत्ता को लेकर कई बार सवाल उठाए गए थे, लेकिन संवेदक द्वारा उनकी शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया गया।
वर्तमान स्थिति यह है कि सड़क पर चलना तक मुश्किल हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह सड़क संवेदक की मनमानी और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।


0 टिप्पणियाँ