धरहरा में विवाहिता की संदिग्ध मौत बनी दहेज हत्या का मामला, चौकीदार पति समेत 6 पर FIR



धरहरा में विवाहिता की संदिग्ध मौत बनी दहेज हत्या का मामला, चौकीदार पति समेत 6 पर FIR


पांच साल की बेटी ने कहा - पापा ने मम्मी को फांसी पर लटका दिया, प्रेम-प्रसंग और दहेज बना मौत की वजह!


धरहरा (मुंगेर): धरहरा थाना क्षेत्र के पचरूखी-दशरथपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के भाई ने इसे सीधे-सीधे दहेज हत्या करार देते हुए पति समेत ससुराल के छह लोगों पर साजिश के तहत हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।


पुलिस ने भाई के आवेदन पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

मामला धरहरा थाना क्षेत्र के पचरूखी-दशरथपुर गांव का है। मृतका की पहचान बरखा कुमारी के रूप में हुई है। उसके भाई अभय कुमार, निवासी लक्ष्मीपुर-लोसघानी, पीरी बाजार, लखीसराय ने थाने में आवेदन दिया है।


आवेदन में बताया गया है कि बरखा की शादी करीब 5-6 साल पहले पचरूखी-दशरथपुर निवासी रोनित कुमार उर्फ रूपेश कुमार से हुई थी। आरोपी पति धरहरा थाना में ही चौकीदार के पद पर कार्यरत है।


भाई का आरोप है कि शादी के समय टीका, नथ, सोने के आभूषण, चेन, अंगूठी और नकद राशि सब कुछ दिया गया था, फिर भी शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में गाड़ी और सोने के आभूषण की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।

प्रेम-प्रसंग बना काल, बेटी बनी गवाह

आवेदन में सबसे सनसनीखेज आरोप यह है कि मृतका के पति का किसी अन्य महिला से प्रेम-प्रसंग था, जिसका बरखा विरोध करती थी। इसी को लेकर घर में अक्सर झगड़ा होता था।


आरोप है कि बीती रात करीब 8 बजे इसी विवाद में साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरहरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


इस मामले में सबसे बड़ा गवाह मृतका की 5 वर्षीय मासूम बेटी बनी है। भाई के अनुसार, बेटी ने खुद बताया कि "पापा ने मम्मी को फांसी पर लटका दिया।" इस एक बयान ने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया है।

शव उठाने पर घंटों हंगामा

घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए घंटों तक शव को उठने नहीं दिया। उनकी मांग थी कि पहले सभी आरोपियों पर FIR दर्ज हो, तब ही अंतिम संस्कार होगा।


यहां तक कि स्थानीय ग्रामीणों ने भी शव उठाने में सहयोग करने से इनकार कर दिया। बाद में पुलिस के समझाने और हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और शव का अंतिम संस्कार कराया जा सका।

किन पर हुई FIR?

मृतका के भाई ने पति रोनित कुमार उर्फ रूपेश कुमार, सास-ससुर, देवर रवि कुमार, प्रहलाद कुमार और ननद चांदनी को साजिश में शामिल बताते हुए सभी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

थानाध्यक्ष ने क्या कहा?

धरहरा थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि मृतका के भाई के आवेदन पर पति समेत सभी नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ