मुंगेर में सनसनी: चौकीदार की पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मुंगेर |धरहरा थाना क्षेत्र के पचरुखी गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चौकीदार की 25 वर्षीय पत्नी का शव घर के अंदर पंखे से लटका मिला। घटना से पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मुंगेर भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
मृतका की पहचान बरखा कुमारी, पत्नी रोनित कुमार (चौकीदार) के रूप में हुई है। पति रोनित कुमार ने बताया कि घटना के समय वह थाना में ड्यूटी पर थे। शाम करीब पांच बजे पत्नी का फोन आया और बताया कि उनकी पांच वर्षीय बेटी वर्षा कुमारी के पेट में दर्द है। उन्होंने स्थानीय डॉक्टर को दिखाने की सलाह दी। कुछ देर बाद फिर फोन आया कि बच्ची की तबीयत में सुधार नहीं है। वह उसे लेकर मुंगेर के लिए निकले, लेकिन तेज बारिश के कारण रास्ते में ही चिकित्सक को दिखाकर वापस घर लौट आए।
घर पहुंचने पर पत्नी ने उन्हें दही और बिस्कुट लाने के लिए कहा तो वह गांव के ही दुकान से लाने चला गया। दुकान से लौटने पर चाचा ने बताया कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है और अंदर से शीशा टूटने जैसी आवाज आई थी। उस समय दोनों बच्चे घर के बाहर थे। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खोला तो कुर्सी पर चढ़ कर भिंडी लेसन से झांककर देखा तो बरखा कुमारी पंखे से लटकी हुई थी। इसके बाद भिंडी लेसन तोड़कर घर में प्रवेश किया और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरहरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बरखा कुमारी का माइका लखीसराय जिले के अभयपुर गांव है । वही मृतिका के ढाई वर्षीय पुत्र अनुज राज और पांच वर्षीय पुत्री वर्षा कुमारी हैं। बताया गया कि वह दो दिन पहले ही अपनी बहन के ससुराल में आयोजित पूजा कार्यक्रम से लौटकर आई थीं।
मृतका के भाई अभय कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले वह घटना पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।


0 टिप्पणियाँ