बीस सूत्री बैठक में जनहित के मुद्दों पर तीखी चर्चा, कई मामलों में जांच और कार्रवाई की मांग
बीस सूत्री बैठक में जनहित के मुद्दों पर तीखी चर्चा, कई मामलों में जांच और कार्रवाई की मांग
प्रखंड कार्यालय सभागार में आयोजित बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में सोमवार को जनहित से जुड़े कई अहम मुद्दों पर जोरदार चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष नवीन सिंह ने की। इस दौरान आंगनबाड़ी बच्चों को वितरित की जा रही पोशाक की गुणवत्ता, आशा कार्यकर्ता नियुक्ति में कथित अनियमितता, सड़क अतिक्रमण, सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं समेत कई मामलों को सदस्यों ने प्रमुखता से उठाया।
बैठक में सदस्य चंद्रचूड़ साक्षी ने जीविका के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को दी जा रही पोशाक की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। जवाब में सीडीपीओ अमृता रंजन ने बताया कि मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है तथा विभाग को जीविका से प्राप्त पोशाकों का ही वितरण किया जाता है।
अमारी पंचायत में आशा कार्यकर्ता की नियुक्ति में कथित अनियमितता की जांच की मांग भी जोर-शोर से उठी। वहीं माताडीह पंचायत के वार्ड संख्या आठ में आवासीय क्षेत्र की जगह निजी बथान पर स्ट्रीट लाइट लगाए जाने के मामले पर भी सदस्यों ने सवाल खड़े किए।
बैठक में सारोबाग पंचायत की स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा पचरुखी-बंगलवा एवं दशरथपुर-बंगलवा मुख्य सड़क के दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाने की मांग अंचलाधिकारी से की गई। सदस्यों ने कहा कि अतिक्रमण के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
अध्यक्ष नवीन सिंह ने भलार गांव के तीन वार्डों में सफाई कार्य नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कृषि सलाहकार योजनाओं का लाभ चुनिंदा लोगों तक ही सीमित रख रहे हैं, जिससे पात्र किसानों को योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
बैठक में गैरमजरुआ भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, इटवा उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण के लिए विभाग को पत्र भेजने तथा बंगलवा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग भी उठी। अधिकारियों ने विभिन्न मामलों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
बैठक में उपाध्यक्ष प्रीतम कुमार साह, राजेश सिंह राजू, बीडीओ राकेश कुमार, सीओ वीरेंद्र कुमार, पीओ कुमार सुंदरम, बीपीआरओ अनिशा कुमारी, सीडीपीओ अमृता रंजन, बीएओ अशोक प्रियदर्शी समेत समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें