राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने के आरोप में राजस्व कर्मचारी पर विभागीय कार्रवाई शुरू
राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने के आरोप में राजस्व कर्मचारी पर विभागीय कार्रवाई शुरू
सुपौल से मोहम्मद नजीर आलम कि रिपोर्ट
सुपौल- जिलाधिकारी सावन कुमार ने किशनपुर अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी आनंद कुमार गुप्ता के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश जारी किया है। उन पर एक राजनीतिक दल के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर मंच साझा करने, पार्टी का झंडा लेकर प्रचार-प्रसार करने तथा सरकारी सेवक के आचरण नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बलहा निवासी वरुण कुमार अवस्थी ने जिलाधिकारी को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि राजस्व कर्मचारी आनंद कुमार गुप्ता ने सरकारी पद पर रहते हुए एक विशेष राजनीतिक दल के कार्यक्रम में भाग लिया और सार्वजनिक रूप से पार्टी का समर्थन किया। शिकायत के साथ संबंधित तस्वीरें भी उपलब्ध कराई गई थीं।
मामले में मांगे गए स्पष्टीकरण तथा भूमि सुधार उप समाहर्ता, सुपौल की रिपोर्ट पर विचार करने के बाद जिला प्रशासन ने आरोपों को गंभीर मानते हुए विभागीय जांच का निर्णय लिया है। जांच रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि उपलब्ध तस्वीर में संबंधित कर्मचारी एक राजनीतिक दल के स्थापना दिवस एवं रामनवमी कार्यक्रम के बैनर के सामने झंडा लिए दिखाई दे रहे हैं। यदि जांच में तस्वीर और आरोप सही पाए जाते हैं तो बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
जिलाधिकारी सावन कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम-17 के तहत विभागीय कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), सुपौल को संचालन पदाधिकारी तथा अंचल अधिकारी, किशनपुर को प्रस्तुतीकरण पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
जांच पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि आरोप पत्र एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर जांच पूरी कर विस्तृत प्रतिवेदन जिला पदाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं। प्रशासनिक हलकों में इस कार्रवाई को सरकारी कर्मियों के लिए आचरण नियमों के पालन को लेकर एक महत्वपूर्ण संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
जिलाधिकारी के आदेश की प्रति शिकायतकर्ता, संबंधित राजस्व कर्मचारी, अंचल अधिकारी किशनपुर, भूमि सुधार उप समाहर्ता, वरीय कोषागार पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है। विभागीय जांच की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें