Advertisement

Responsive Advertisement

दहेज हत्या मामले में पति, सास और ससुर गिरफ्तार, कटरा बाजार पुलिस की कार्रवाई



दहेज हत्या मामले में पति, सास और ससुर गिरफ्तार, कटरा बाजार पुलिस की कार्रवाई


राजेश पाण्डेय की रिपोर्ट 


गोंडा। थाना कटरा बाजार पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और दहेज मृत्यु के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का पति, सास और ससुर शामिल हैं।


पुलिस अधीक्षक गोंडा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी करनैलगंज विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना कटरा बाजार पुलिस ने यह कार्रवाई की।


पुलिस के अनुसार करनैलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गुडसड़ा पूरे अचली पुरवा निवासी मैकू पुत्र रामफेर ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री नंदिनी की शादी कटरा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम सिकटहवा मौजा बनगांव निवासी राजकुमार गौतम उर्फ चंचल के साथ हुई थी। शादी के बाद पति, सास और ससुर द्वारा मोटरसाइकिल की मांग को लेकर नंदिनी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।


आरोप है कि दहेज की मांग और उत्पीड़न से परेशान होकर नंदिनी ने 29 मई 2026 की शाम अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कटरा बाजार में मुकदमा संख्या 128/2026 धारा 80(2), 85 बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया।


जांच के दौरान पुलिस ने रविवार को टेढ़ी पुल बनगांव के निकट पाण्डेय तिराहा से तीनों आरोपियों राजकुमार गौतम उर्फ चंचल, दयाराम गौतम उर्फ ननके तथा कलावती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।


पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ