राधा डेंटल केयर एवं आईडीए मुंगेर द्वारा फरदा उच्च माध्यमिक विद्यालय में दंत चिकित्सा जागरूकता शिविर आयोजित_
मुंगेर: राधा डेंटल केयर, मुंगेर एवं इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) शाखा मुंगेर के संयुक्त तत्वावधान में उच्च माध्यमिक विद्यालय, फरदा में दंत चिकित्सा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डॉ. उदय शंकर ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को दांत व मुंह संबंधी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए।
डॉ. उदय शंकर ने विद्यार्थियों को बताया कि स्वस्थ रहना पढ़ाई के लिए जरूरी है। इसके लिए संतुलित आहार में हरी पत्तेदार सब्जी, मौसमी फल, दूध, मिक्स दाल शामिल करें और जंक फूड, फास्ट फूड, पैकेट बंद खाने से परहेज करें। उन्होंने विद्यार्थियों को पान, गुटका, तंबाकू, सिगरेट जैसी बुरी आदतों से बचने की सलाह दी।
डॉ. शंकर ने कहा: "दंत चिकित्सा के प्रति जागरूकता की कमी से छोटी बीमारी भी जानलेवा हो जाती है। मैं लगातार शिविरों के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहा हूं।" ज्ञात हो कि डॉ. उदय शंकर पिछले 12 वर्षों से राज्य के अलग-अलग जिलों में 600 से अधिक दंत चिकित्सा जागरूकता शिविर आयोजित कर चुके हैं।
शिविर में दूध के दांत का महत्व, दिन में दो बार ब्रश करने, पायरिया एवं मुंह के कैंसर के शुरुआती लक्षण व रोकथाम की जानकारी दी गई। डॉ. उदय शंकर ने बताया कि दांत व मुंह की बीमारियों से दिल व मस्तिष्क की बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बिना चिकित्सक की सलाह के दवा न खाने की चेतावनी दी, क्योंकि इससे लिवर, किडनी व हार्ट संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं।
इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाचार्य हरिहर बाबू, शिक्षक सुजीत कुमार, शिवनंदन कुमार, युवा समाजसेवी विक्रम कुमार, सोनू कुमार एवं सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित थे।


0 टिप्पणियाँ