50 हजार की रंगदारी नहीं दी तो जान से मारने की धमकी, हथियार लेकर घर पहुंचे दबंग; पीड़ित ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार




50 हजार की रंगदारी नहीं दी तो जान से मारने की धमकी, हथियार लेकर घर पहुंचे दबंग; पीड़ित ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार

धरहरा (मुंगेर)। धरहरा थाना क्षेत्र के निमिया टोला निवासी चंदन कुमार ने गांव के कुछ लोगों पर ₹50 हजार की रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने तथा हथियार के बल पर घर में घुसकर हंगामा करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित ने धरहरा थाना में आवेदन देकर न्याय और सुरक्षा की मांग की है।

दिए गए आवेदन में चंदन कुमार ने बताया कि वह राजेश सिंह की दुकान में कार्य करता है। 18 जून की शाम करीब 5:30 बजे वह दुकान से गोदाम की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव के विन्देश्वरी यादव तथा लखीसराय जिले के अभयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत घोघी बरियारपुर निवासी दुलारचंद यादव टेम्पो से पहुंचे और उसका रास्ता रोक लिया।




आरोप है कि दोनों ने उससे ₹50 हजार की रंगदारी की मांग की तथा रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना से भयभीत होकर वह अपने घर लौट आया और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद उसका बड़ा भाई आरोपितों से बातचीत करने गया, जहां उसके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

पीड़ित का आरोप है कि कुछ देर बाद विन्देश्वरी यादव, दुलारचंद यादव, नूतन देवी एवं अनिता देवी लाठी-डंडा और हथियार लेकर उसके घर पहुंच गए। वहां सभी ने पूरे परिवार को धमकाते हुए ₹50 हजार की मांग की तथा गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।

चंदन कुमार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

इस संबंध में धरहरा थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जांचोपरांत नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

धरहरा के चौहान टोला में पंजाब पुलिस की छापेमारी,अभियुक्त फरार स्थानीय थाना पुलिस की मदद से कार्रवाई,

श्रम संसाधन विभाग की छापेमारी से दशरथपुर बाजार में हड़कंप, दो दुकानों से पांच बच्चों को कराया मुक्त ; दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज।

तिरंगे में लिपटकर घर लौटा बेटा, ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान की हत्या से गांव में मातम