Advertisement

Responsive Advertisement

“नीरपुर में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत : डीएम निखिल धनराज निप्पाणीकर ने किया आधुनिक आंगनवाड़ी केन्द्र का उद्घाटन”




“नीरपुर में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत : डीएम निखिल धनराज निप्पाणीकर ने किया आधुनिक आंगनवाड़ी केन्द्र का उद्घाटन”

बरियारपुर मुंगेर 20 मई 2026

प्रखंड बरियारपुर अंतर्गत पंचायत नीरपुर स्थित लाल जी टोला आंगनवाड़ी केन्द्र संख्या-101 का बुधवार को भव्य उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्री निखिल धनराज निप्पाणीकर द्वारा विधिवत फीता काटकर किया गया। मनरेगा योजना से निर्मित इस नए आंगनवाड़ी केन्द्र के उद्घाटन अवसर पर उप विकास आयुक्त, मुंगेर, प्रखंड विकास पदाधिकारी बरियारपुर, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस, महिला पर्यवेक्षिका, सेविका-सहायिका समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

उद्घाटन के बाद जिला पदाधिकारी ने आंगनवाड़ी केन्द्र भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने बच्चों के लिए उपलब्ध पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, टीकाकरण, स्वच्छता तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि केन्द्र का नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों एवं गर्भवती/धात्री महिलाओं को सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान केन्द्र पर बच्चों का अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने बच्चों को अन्नप्राशन कराते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को संतुलित पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा बच्चों की समुचित देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।




इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री निखिल धनराज निप्पाणीकर ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। मनरेगा योजना से निर्मित यह आंगनवाड़ी केन्द्र स्थानीय बच्चों को बेहतर शैक्षणिक एवं पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा महिलाओं एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने ग्रामीणों से भी केन्द्र के संचालन में सक्रिय सहयोग करने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की अपील की।

अधिकारियों ने बताया कि जिले में आंगनवाड़ी केन्द्रों की आधारभूत संरचना एवं सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि आमजन को बेहतर एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ