Advertisement

Responsive Advertisement

श्राद्ध भोज की जगह गांव को देंगे एम्बुलेंस, पूर्व जाप जिलाध्यक्ष नंद कुमार चौधरी एवं उनके भाई अवधेश कुमार ने पेश की मिसाल




श्राद्ध भोज की जगह गांव को देंगे एम्बुलेंस, पूर्व जाप जिलाध्यक्ष नंद कुमार चौधरी एवं उनके भाई अवधेश कुमार ने पेश की मिसाल

संवाददाता मोहम्मद नजीर आलम 


सुपौल के एकमा में जन अधिकार पार्टी (जाप) के पूर्व जिलाध्यक्ष नंद कुमार चौधरी एवं अवधेश कुमार ने अपने पिता के निधन के बाद एक ऐसी पहल की है, जिसकी पूरे इलाके में सराहना हो रही है। समाज को नई दिशा देने वाली इस पहल के तहत उन्होंने पारंपरिक श्राद्ध भोज आयोजित नहीं करने का निर्णय लिया है। इसके बदले वे गांववासियों की सुविधा और जरूरत को ध्यान में रखते हुए गांव को एक एम्बुलेंस उपलब्ध कराएंगे।

इस संबंध में नंद कुमार चौधरी एवं बड़े भाई अवधेश कुमार ने बताया कि उनके पिता हमेशा समाज सेवा और जरूरतमंदों की मदद करने की बात कहते थे। पिता के निधन के बाद जब श्राद्ध कर्म को लेकर गांव के लोगों के साथ चर्चा हुई, तब यह विचार सामने आया कि भोज पर अधिक खर्च करने के बजाय ऐसा कार्य किया जाए, जिससे वर्षों तक लोगों को लाभ मिल सके। इसी सोच के साथ गांव के लिए एम्बुलेंस देने का निर्णय लिया गया।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर वाहन नहीं मिलने के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी परेशानी होती है। कई बार विकट परिस्थिति में लोगों की जान तक खतरे में पड़ जाती है। ऐसे में यह एम्बुलेंस गांव और आसपास के लोगों के लिए राहत का माध्यम बनेगी।

वहीं ग्रामीणों ने भी इस पहल की जमकर प्रशंसा की। ग्रामीणों का कहना था कि यह एक सराहनीय और प्रेरणादायक कदम है। लोगों ने एकजुट होकर इस निर्णय पर सहमति जताई और कहा कि समाज में इस तरह की सोच विकसित होनी चाहिए, ताकि फिजूल खर्ची कम हो और जनहित के कार्यों को बढ़ावा मिले। जहाँ मौके पर नारायण चौधरी ,कृष्णानंद चौधरी, गंगा प्रसाद चौधरी, फुलेश्वर यादव, सरोज कुमार झा, आदित्यनाथ झा, अनिल झा, राधेश्याम मंडल, अशोक कामत, नित्यानंद कामत, यदुवीर महतो, छोटकन महतो राम लखन महतो, अनंद प्रसाद वर्मा, अशोक पंडित, सुरेंद्र यादव अशोक गुप्ता, लालो मिस्त्री, मोहम्मद कादिर, सुधीर, पासवान, नथन राम एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ