Advertisement

Responsive Advertisement

टाइब्रेकर में चमका मुबारकचक, शंकर कप फाइनल में बनाई जगह!



टाइब्रेकर में चमका मुबारकचक, शंकर कप फाइनल में बनाई जगह! 

धरहरा प्रखंड के गांधी फुटबॉल स्टेडियम में शनिवार को श्री शंकर स्पोर्टिंग क्लब, धरहरा (मुंगेर) के तत्वावधान में आयोजित शंकर कप फुटबॉल टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इस मैच में श्री शंकर स्पोर्टिंग क्लब, धरहरा और इलेवन स्टार फुटबॉल क्लब, मुबारकचक के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।

मैच शुरू होने से पहले मुख्य अतिथि प्रीतम कुमार (सहायक थानाध्यक्ष, धरहरा) एवं विशिष्ट अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि द्वारा गेंद में किक मारकर खेल का शुभारंभ किया गया।

शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। शंकर टीम को शुरुआती समय में कई गोल करने के मौके मिले, लेकिन वे उन्हें भुना नहीं सके। वहीं मुबारकचक की टीम ने भी शानदार मूव बनाए, पर गोल में तब्दील करने में असफल रही। पहले हाफ तक मुकाबला 0-0 की बराबरी पर रहा।

दूसरे हाफ में भी दोनों टीमों ने जोरदार प्रयास किए, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। अंततः मैच का फैसला टाइब्रेकर से हुआ, जिसमें इलेवन स्टार फुटबॉल क्लब, मुबारकचक ने 4-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया।



मैच के निर्णायक के रूप में सुधांशु, सहायक निर्णायक कपिल मंडल और संतोष कुमार सिंह, जबकि रिजर्व रेफरी मनीष कुमार रहे। बड़ी संख्या में दर्शकों और खेलप्रेमियों की मौजूदगी ने मैच का रोमांच और बढ़ा दिया।

अब नजर फाइनल पर!

शंकर कप का फाइनल मुकाबला 28 अप्रैल 2026 को एसएससी शीतलपुर और इलेवन स्टार फुटबॉल क्लब, मुबारकचक के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले के मुख्य अतिथि जमालपुर विधायक नचिकेता मंडल और विशिष्ट अतिथि जदयू जिलाध्यक्ष सौरव निधि होंगे।

अब देखना दिलचस्प होगा कि फाइनल में कौन सी टीम ट्रॉफी पर कब्जा जमाती है!

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ