शंकर कप सेमीफाइनल में शीतलपुर का जलवा, रोहन की हैट्रिक से 4-1 की दमदार जीत!
धरहरा प्रखंड के गांधी फुटबॉल स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए शंकर कप फुटबॉल टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में एसएससी शीतलपुर ने फुलका फुटबॉल टीम को 4-1 से हराकर फाइनल में शानदार एंट्री मार ली। मैच की शुरुआत से ही शीतलपुर टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और पूरे मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी।
मुख्य अतिथि केशव कुमार और विशिष्ट अतिथि हरिवल्लभ सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर गेंद में किक मारते हुए मैच का उद्घाटन किया। इसके बाद दोनों टीमों ने तेज़ और रोमांचक खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन शीतलपुर के खिलाड़ियों का तालमेल और रणनीति फुलका पर भारी पड़ी।
मैच के हीरो बने शीतलपुर के जर्सी नंबर 10 रोहन कुमार, जिन्होंने शानदार हैट्रिक लगाकर टीम की जीत पक्की कर दी। वहीं निलेश कुमार ने भी एक गोल दागकर टीम को 4-0 की मजबूत बढ़त दिलाई। फुलका की ओर से ओम प्रकाश ने एकमात्र गोल कर सम्मान बचाया।
दर्शकों की भारी भीड़ ने पूरे मैच का जमकर आनंद उठाया और हर गोल पर तालियों की गूंज से स्टेडियम गूंजता रहा। रेफरी की भूमिका में संतोष कुमार सिंह ने बेहतरीन संचालन किया, जबकि सहायक रेफरी मनीष कुमार और सुधांशु रहे।
अब टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल शनिवार को शंकर स्पोटिंग क्लब धरहरा और इलेवन स्टार फुटबॉल क्लब मुबारकचक के बीच खेला जाएगा, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
फाइनल की ओर बढ़ता शीतलपुर, क्या बनेगा चैंपियन?
।





0 टिप्पणियाँ