धरहरा प्रखंड अंतर्गत सारोबाग चौक पर मंगलवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने डॉ. अम्बेडकर के जीवन, उनके संघर्षों और भारतीय संविधान निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को विस्तार से याद किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया और समानता, न्याय एवं भाईचारे का संदेश दिया। आज के समय में उनके विचार और भी प्रासंगिक हो गए हैं।
इस मौके पर जिला परिषद प्रतिनिधि हिमांशु कुमार निराला, धरहरा दक्षिणी मंडल अध्यक्ष चंद्रचूड़ साक्षी, भाजपा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष राजेश सिंह, निरंजन तांती, रघुनंदन दास, शशिभूषण तांती, प्रमोद दास, विपिन कुमार, चंदन कुमार राम, विजय दास, मुकेश कुमार, मिथिलेश कुमार सहित दर्जनों ग्रामीणों की उपस्थिति रही। सभी ने एक स्वर में बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने और समाज में समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में लोगों ने एक-दूसरे को अम्बेडकर जयंती की शुभकामनाएं दीं और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक एकता के संदेश से सराबोर रहा।


0 टिप्पणियाँ