Advertisement

Responsive Advertisement

कार्य की धीमी गति बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी : डीएम



कार्य की धीमी गति बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी : डीएम 


मुंगेर विद्यालय का नियमित निरीक्षण करें और निरीक्षण प्रतिवेदन के साथ बैठक में उपस्थित हों। सुस्ती के साथ नहीं बल्कि एक्टिव मोड में कार्य करें। कार्य की धीमी गति बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अतः बिना लापरवाही के अपने कर्तव्य का निर्वहन करें। उक्त बातें जिलाधिकारी मुंगेर निखिल धनराज निप्पाणीकर ने मंगलवार के दोपहर लगभग 12 बजे समाहरणालय संवाद कक्ष में आयोजित शिक्षा विभाग की बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों से कही। बैठक में उन्होंने शिक्षा विभाग की सभी योजनाओं सहित विद्यालय निरीक्षण आदि पर बिंदुवार चर्चा की। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी कुणाल गौरव सहित अन्य सभी अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिलाधिकारी ने शिक्षकों के स्थानांतरण की समीक्षा करते हुए उसे नियमित रूप से ससमय करने का निर्देश दिया।उन्होंने विद्यालय के निरीक्षण की समीक्षा में कहा कि आप सभी के द्वारा जितने भी विद्यालय का निरीक्षण किया जाए उसके निरीक्षण प्रतिवेदन के साथ ही अगली बैठक में उपस्थित हों। निरीक्षण में कोई भी खानापूर्ति न करें, सही तरीके से विद्यालय का निरीक्षण कर उसकी सारी जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने विद्यालय में बच्चों की कम उपस्थिति पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। एमडीएम के तहत स्कूल छात्र-छात्राओं को गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराने के साथ ही नियिमत रूप से विद्यालय के एमडीएम संचालन के भी निरीक्षण का निदेश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि एमडीएम में मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इसके अलावे जिन भी संवेदक द्वारा एमडीएम के भोजन उपलब्ध कराए जा रहे हैं उसकी गुणवत्ता में किसी भी तरह की कोई लापरवाही न हो इसका ध्यान रखें। स्मार्ट क्लास की समीक्षा में बताया गया कि जिले के 140 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालित है। जिलाधिकारी ने कहा कि निरीक्षण में कभी भी किसी विद्यालय में स्मार्ट क्लास संचालित नहीं पाया जाता है, इसकी जांच करें तथा नियमित रूप से विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालित कराएं। जिले में संचालित कस्तुरवा गांधी आवासीय विद्यालय के नियमित निरीक्षण नहीं होने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए एक सप्ताह के अंदर सभी कस्तुरवा गांधी आवासीय विद्यालय का रात्रि निरीक्षण कराने का निदेश संबंधित डीपीओ को दिया। 

जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से कहा कि विद्यालय के निरीक्षण में किसी भी तरह की कोई लापरवाही नहीं बरतें। आप सभी वरीय पदाधिकारियों के अलावे प्रखंड स्तर के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को भी निरीक्षण का दायित्व दें तथा निरीक्षण के प्रतिवेदन के साथ अद्यतन स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराएं। विद्यालय के भवन निर्माण की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि 48 विद्यालय के भवन निर्माण हेतु जमीन अधिग्रहण किया जाना है। इस पर जिलाधिकारी ने जमीन अधिग्रहण हेतु संबंधित विद्यालय क्षेत्र के अंचलाधिकारी को पत्राचार कर उस पर त्वरित कार्रवाई के निदेश दिए। अपार आईडी में मुंगेर जिला के टॉप टेन में शामिल होने के जगह जिलाधिकारी ने टॉप फाइव में स्थान बनाने हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी को निदेशित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए ।शिक्षा विभाग में सीडब्लूजेसी/एम जे सी के लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निदेश दिया। साथ ही जिले के विद्यालयों में चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण के कार्यों की पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के निदेश दिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ