समय पर न आने वाले डॉक्टर व स्टाफ पर कड़ी कार्यवाही का ऐलान : ऋषिराज कपिल
फुलेरा, जयपुर से योगेंद्र गहलोत कि रिपोर्ट
एसडीएम ने चिकित्सालय की खस्ताहाल व्यवस्था पर बरसाई तलवार
समय पर न आने वाले डॉक्टर व स्टाफ पर कड़ी कार्यवाही का ऐलान : ऋषिराज कपिल
फुलेरा (योगेन्द्र गहलोत) : उपखंड अधिकारी ऋषिराज कपिल ने राजकीय उप चिकित्सालय फुलेरा में बुधवार को सख्त औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक अव्यवस्थाओं पर जमकर फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कई कर्मचारी ड्यूटी पर समय पर नहीं पहुंचे थे जबकि उपस्थिति रजिस्टर में जानबूझकर फर्जी आंकड़े भरे जा रहे थे। इस लापरवाही पर दो चिकित्सा अधिकारियों को तुरंत नोटिस जारी कर कड़ी चेतावनी दी गई। एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में ऐसी अव्यवस्था दोबारा नहीं बर्दाश्त की जाएगी, अन्यथा संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
सिर्फ यही नहीं, अस्पताल परिसर में डंपिंग यार्ड में जमा कचरे की भयावह स्थिति ने भी अधिकारी का गुस्सा भड़काया। उन्होंने तत्काल प्रभाव से आदेश दिए कि कचरा उठाकर पूरे परिसर की सफाई सुनिश्चित की जाए, अन्यथा जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही होगी।
ऋषिराज कपिल ने कटाक्ष भरे लहजे में कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं लोगों की सेवा के लिए हैं, न कि अधिकारी या कर्मचारियों की ढिलाई का ठिकाना। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब कोई भी प्रकार की लापरवाही प्रशासन के लिए असहनीय होगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कड़े निरीक्षण ने अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है और सुधार की राह में एक सख्त संदेश छोड़ गया है।




0 टिप्पणियाँ