पंजाब में हुए करोड़ों के गबन मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए धरहरा पहंुची एसआईटी
- आसमा एक्सपोर्ट इंडिया के मालिक ने पंजाब के काठगढ् थाना में दर्ज कराई थी करोड़ों रुपए गबन की शिकायत
मुंगेर, निज संवाददाता : पंजाब के रूपनगर जिलान्तर्गत पक्काबाग निवासी अविनाश कुमार सिंह ने पंजाब के काठगढ़ थाना में आसमां एक्सपोर्ट इंडिया कम्पनी में विश्वास पात्र कर्मचारियों द्वारा 25 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था। जिसमें बिहार के रहने वाले दीपक कुमार, संतोष मिश्रा, मुन्ना कुमार, पश्चिम बंगाल के निवासी सबीर अली, उत्पल दास, भोला कुमार और चिरंजीत कुमार को नामजद आरोपी बनाया था। इस मामले की जांच के लिए पंजाब पुलिस द्वारा एसआईटी का गठन किया गया। जांच और अनुसंधान में बिहार के धरहरा निवासी 02 लोगों की पहचान होने और कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट निकलने पर पिछले दिनों पंजाब पुलिस दीपक कुमार और आरती देवी को गिरफ्तार कर पंजाब ले गई थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और अनुसंधान के दौरान धरहरा के 03 और लोगों का नाम करोड़ों के गबन में सामने आया। जिसमें धरहरा निवासी विजय कुमार, बादल सिंह और उर्मिला देवी शामिल हैं। इन तीनों की गिरफ्तारी के लिए आईटी सेल लुधियाना के पुलिस अधिकारीी कमल किशोर के नेतृत्व में एसआईटी टीम रविवार को धरहरा पहुंची। धरहरा थाना से संपर्क करने के पश्चात एसआईटी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई। आसमां एक्सपोर्ट इंडिया के मालिक अविनाश कुमार सिंह ने पंजाब के काठगढ़ थाना में दर्ज प्राथमिकी में बताया कि फरवरी 2013 के बाद सामाजिक कार्यों में व्यस्तता के कारण वह कंपनी में समय नहीं दे पा रहे थे। इस बीच उनका फैक्ट्री आना जाना काफी कम हुआ। इस दौरान कंपनी के उपरोक्त विश्वासपात्र कर्मचारियों ने मिल कर धोखाधड़ी करते हुए कंपनी का करोड़ों रुपए का गबन किया। और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से कर्मचारियों के मूल पता वाला फाइल, कैश बुक, डिलीवरी बुक एवं अन्य कागजात गायब कर दिया। आरोपियों द्वारा लगभग 25 करोड् से अधिक का गबन किया गया। गबन के आरोप को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच व आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पंजाब पुलिस द्वारा एसआईटी का गठन किया गया। जांच में धरहरा के कुछ लोगों की संलिप्तता सामने आई है। जिसमें से 02 आरोपी धरहरा निवासी दीपक कुमार और उसकी पत्नी आरती देवी को पंजाब पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है।


0 टिप्पणियाँ