गंगा में मछली पकड़ने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष तीन व्यक्ति घायल



गंगा में मछली पकड़ने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, तीन युवक घायल

हेमजापुर / मुंगेर: हेमजापुर थाना क्षेत्र के तेरासी टोला के समीप गंगा नदी में मंगलवार को मछली पकड़ने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नदी के बीचों-बीच दो पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।


घायलों की पहचान तेरासी टोला निवासी बिहारी साहनी (22 वर्ष, पिता- ओपी साहनी), कुंदन साहनी (21 वर्ष, पिता- कम्पनी शर्मा) और संतोष चौधरी (21 वर्ष, पिता- अजय चौधरी) के रूप में हुई है। तीनों का इलाज सीएचसी धरहरा में चल रहा है।


नाव पर चढ़कर किया हमला

पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि विषणपुर दियारा निवासी कंचन सिंह (पिता- प्रभु सिंह) और उसके साथियों ने उनकी नाव पर चढ़कर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस दौरान शिवनगर निवासी मनोहर महतो (पिता- गणेश महतो) भी दूसरे पक्ष के साथ मौजूद था। बताया जा रहा है कि पहले मछली पकड़ने की सीमा को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते दोनों पक्षों में हिंसक झड़प हो गई।


दोनों पक्षों ने दी शिकायत

मामले को लेकर मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपीन कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से थाने में आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।


गंगा दियारा क्षेत्र में मछली पकड़ने को लेकर अक्सर विवाद होते रहे हैं, लेकिन इस बार मामला मारपीट तक पहुंच गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ