ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी, पीएचईडी बोला स्वीकृति मिलते ही शुरू होगा कार्य
धरहरा प्रखंड के बाड़ीचक में हर घर नल-जल का दावा अधूरा! 5 साल से पानी के लिए भटक रहे ग्रामीण
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी, पीएचईडी बोला स्वीकृति मिलते ही शुरू होगा कार्य
धरहरा प्रखंड की अमारी पंचायत के बाड़ीचक गांव के वार्ड संख्या 13 में मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट 'सात निश्चय' के तहत संचालित हर घर नल-जल योजना अधूरी पड़ी है। साजन राम के घर से पप्पू राम के घर तक करीब 600 फीट पाइपलाइन नहीं बिछने के कारण पिछले लगभग पांच वर्षों से दर्जनों परिवार शुद्ध पेयजल से वंचित हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि योजना के तहत हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का वादा किया गया था, लेकिन पाइपलाइन का कार्य बीच में ही छोड़ दिया गया। इससे राजेश राम, रंजीत कुमार, शंभू राम, मनोज कुमार गोस्वामी, विलास राम, चरित्र राम, मुसहरू राम, बलि राम, पप्पू राम, अनिल यादव समेत कई परिवारों को आज भी दूसरे स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर अधूरी पाइपलाइन का कार्य जल्द पूरा कराने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि शीघ्र जलापूर्ति बहाल नहीं होने पर जिला प्रशासन को लिखित शिकायत देकर आंदोलन किया जाएगा।वही इस संबंध में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) मुंगेर के कनीय अभियंता विनीत कुमार ने बताया कि शेष बचे घरों तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त जलमीनार का सर्वे पूरा कर विभाग को प्रस्ताव भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं