6 दिनों से बिजली संकट! ट्रांसफॉर्मर के एक पार्ट ने बढ़ाई मुसीबत, ग्रामीण बोले- कब मिलेगी राहत?

 


6 दिनों से बिजली संकट! ट्रांसफॉर्मर के एक पार्ट ने बढ़ाई मुसीबत, ग्रामीण बोले- कब मिलेगी राहत?

चन्दन कुमार की रिपोर्ट।
29 जुलाई 2026

धरहरा प्रखंड के औड़ाबगीचा पंचायत अंतर्गत मोहनपुर गांव के महगु सिंह तोमर टोला में पिछले छह दिनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफॉर्मर में खराबी के कारण कभी हाई वोल्टेज तो कभी लो वोल्टेज मिल रहा है, जबकि कई बार घंटों बिजली पूरी तरह गायब हो जाती है। इससे दर्जनों परिवारों का जनजीवन प्रभावित हो गया है और महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने का खतरा बढ़ गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, शिकायत के बाद बिजली मिस्त्री कई बार मौके पर पहुंचे और अस्थायी रूप से एसटी व फेज बनाकर बिजली चालू की, लेकिन कुछ ही देर में समस्या फिर लौट आई। मिस्त्रियों ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर का बुश (Bush) खराब है और इसे बदले बिना स्थायी समाधान संभव नहीं है। ग्रामीणों का दावा है कि विभागीय गोदाम में आवश्यक स्पेयर पार्ट उपलब्ध नहीं होने के कारण मरम्मत कार्य लंबित है।

बिजली संकट से परेशान लोगों ने उप मंडलीय विद्युत अभियंता को आवेदन देकर जल्द से जल्द आवश्यक पार्ट उपलब्ध कराने और ट्रांसफॉर्मर की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में बिजली की अनियमित आपूर्ति से बच्चों की पढ़ाई, पेयजल व्यवस्था और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

बार-बार ट्रांसफॉर्मर खराब होने से बढ़ रहा आक्रोश

ग्रामीणों का कहना है कि धरहरा प्रखंड में ट्रांसफॉर्मर खराब होने, कम वोल्टेज, फेज की गड़बड़ी और स्पेयर पार्ट समय पर नहीं मिलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उनका आरोप है कि यदि विभाग गोदामों में जरूरी सामग्री का पर्याप्त भंडारण रखे तो अधिकांश तकनीकी खराबियों का तत्काल समाधान हो सकता है।

बिजली विभाग ने दावों को बताया गलत

वहीं, इस मामले में विद्युत विभाग के कनीय अभियंता रोहित कुमार ने ग्रामीणों के दावों को खारिज करते हुए कहा कि ट्रांसफॉर्मर में किसी स्पेयर पार्ट की कमी नहीं थी। उनके अनुसार, "ट्रांसफॉर्मर में केवल मामूली फॉल्ट था, जिसे दूर कर दिया गया है। अब बिजली आपूर्ति सामान्य है।"

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ