मुंगेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 496 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, मालवाहक वाहन जब्त

 


मुंगेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 496 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, मालवाहक वाहन जब्त

मुंगेर। बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुंगेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बरियारपुर थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई (DIU) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक छोटे मालवाहक वाहन से 496 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की खेप एक छोटे मालवाहक वाहन से खगड़िया की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के लिए बरियारपुर थाना मोड़ के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई तो वाहन में बेहद चालाकी से छिपाकर रखी गई 496 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन चालक धीरज कुमार पोद्दार को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वह समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है।

बरियारपुर थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी और इस गिरोह में कौन-कौन शामिल हैं।

इस मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ