Advertisement

Responsive Advertisement

धरहरा में बीजेपी की जीत पर जश्न का सैलाब, विजय जुलूस में गूंजे मोदी-शाह के नारे



धरहरा में बीजेपी की जीत पर जश्न का सैलाब, विजय जुलूस में गूंजे मोदी-शाह के नारे

धरहरा प्रखंड सोमवार को पूरी तरह जश्न के रंग में रंगा नजर आया। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की जीत की खुशी में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भव्य विजय जुलूस निकालकर अपनी खुशी का इजहार किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी की चमक और “मोदी-शाह जिंदाबाद” के नारों से पूरा इलाका देर तक उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा।


प्रखंड अध्यक्ष चन्द्रचूड़ साक्षी के नेतृत्व में निकला यह विजय जुलूस अंबेडकर चौक से शुरू हुआ। वहां से कार्यकर्ताओं का काफिला माताडीह, सारोबाग होते हुए दरियापुर गांव पहुंचा, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। जुलूस में शामिल कार्यकर्ता हाथों में बीजेपी के झंडे लिए पूरे जोश के साथ नारेबाजी कर रहे थे। रास्तेभर लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी और मिठाइयां बांटकर जीत की खुशी साझा की। कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने राहगीरों और ग्रामीणों को झालमूढ़ी खिलाकर भी जश्न मनाया।


जुलूस के दौरान माहौल पूरी तरह उत्सवमय बना रहा। जगह-जगह आतिशबाजी की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दीपावली जैसा दृश्य देखने को मिला। युवा कार्यकर्ता बाइक रैली के रूप में आगे-आगे चल रहे थे, जबकि पीछे बड़ी संख्या में महिलाएं और वरिष्ठ कार्यकर्ता भी शामिल थे। “भारत माता की जय”, “मोदी है तो मुमकिन है” और “अमित शाह जिंदाबाद” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।

प्रखंड अध्यक्ष चन्द्रचूड़ साक्षी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि तीन राज्यों में मिली जीत जनता के अटूट विश्वास और बीजेपी संगठन की मजबूत कार्यशैली का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और जनता बीजेपी की नीतियों पर भरोसा जता रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि बीजेपी केवल चुनाव जीतने वाली पार्टी नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाली विचारधारा है। गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है, जिसका असर चुनाव परिणामों में साफ दिखाई दे रहा है।

इस मौके पर जिला मंत्री राजेश कुमार राजू, उपाध्यक्ष बबन कुमार बबलू, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, किसान मोर्चा अध्यक्ष निरंजन तांती, सुनील सोरेन, रंजीत वर्मा, विनोद कोड़ा, गंगा मंडल समेत बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखा और धरहरा में जीत का जश्न देर शाम तक जारी रहा

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ