जिला पदाधिकारी ने निर्वाचन के सभी नोडल पदाधिकारीयों के साथ बैठक कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश।
आज दिनांक 01.09.2025 को समाहरणालय, लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 की तैयारियों के लिए गठित विभिन्न कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों एवं नोडल पदाधिकारियों के साथ एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु व्यापक चर्चा की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने विभिन्न कोषांगों की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश जारी किए।
वाहन कोषांग को निर्देश दिया गया कि निर्वाचन कार्य के लिए आवश्यकतानुसार वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
प्रशिक्षण कोषांग को मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण के लिए मास्टर ट्रेनरों की नियुक्ति, प्रशिक्षण स्थल का चयन और मूलभूत सुविधाओं जैसे बैठने की व्यवस्था, पेयजल, और अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी तैयार करने पर बल दिया गया ताकि सभी कर्मियों को समयबद्ध प्रशिक्षण प्रदान किया जा सके।
स्वीप कोषांग द्वारा लखीसराय एवं सूर्यगढ़ा विधान सभा vtr प्रगति से संबंधित जानकारी पीपीटी के माध्यम से प्रदर्शित की गई। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा स्वीप (SVEEP) कोषांग को मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
ए एम एफ कोषांग को मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इसमें मतदान केंद्रों पर चारदीवारी, पहुंच पथ, चापाकल, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था शामिल है। साथ ही, संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान देने और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती पर चर्चा की गई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कोषांगों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सभी नोडल पदाधिकारियों ने अपने-अपने कोषांगों की प्रगति और कार्ययोजना पर विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में बंदोबस्त पदाधिकारी मोo मुस्तकीम, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री शंभूनाथ, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणी, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री राहुल कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता श्रीमती सीतु शर्मा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सुश्री पम्मी रानी, विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा लखीसराय श्री शशि कुमार, वरीय उपसमाहर्ता श्री शशांक कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री विनोद प्रसाद, नजारत उपसमाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम सहित सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ