फुलेरा से राष्ट्रीय सम्मान की ओर बढ़ती आरोही कुमावत
राजस्थान विश्वविद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक
फुलेरा से योगेन्द्र गहलोत कि रिपोर्ट ।
फुलेरा के श्रीराम नगर निवासी दिनेश कुमावत की प्रतिभाशाली बेटी आरोही कुमावत ने राजस्थान विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। उनके इस अद्भुत प्रदर्शन से महाविद्यालय का नाम रोशन हुआ और पूरे फुलेरा में खुशी की लहर दौड़ गई। आरोही की मेहनत, लगन और आत्मविश्वास को देखते हुए उन्हें विश्वविद्यालय की टीम में भी चयनित किया गया है। अब वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराने के लिए तैयार हैं। वर्तमान में वे एस एम एस स्टेडियम में दिन-रात प्रैक्टिस के साथ-साथ उच्च शिक्षा भी पूरी निष्ठा से प्राप्त कर रही हैं। इस उपलब्धि का श्रेय आरोही ने अपने कोच गजेंद्र सिंह, मार्गदर्शक अंशुमान सिंह, माता रमा कुमावत, पिता दिनेश कुमावत और पूरे परिवार को दिया। इस गर्वमयी अवसर पर पिता दिनेश कुमावत ने कहा, “म्हारी छोरी आरोही छोरे से कम है कि। पूर्व विधायक निर्मल कुमावत, स्थानीय पार्षद आशा सैनी, समाजसेविका पूनम कुमावत, गो सेवक अमरचंद सैनी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने आरोही और उनके परिवार को बधाई दी। उन्होंने उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत है। आरोही पहले भी जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर कई गोल्ड और सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं और दो बार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। उन्होंने कहा, “बेटियाँ हर चुनौती को पार कर सकती हैं, उन्हें बस सही मार्गदर्शन व अवसर चाहिए।”
फुलेरा की यह बेटी अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, महाविद्यालय, और फुलेरा के लिए, बल्कि पूरे जयपुर जिले के लिए गर्व का विषय बनी है।



0 टिप्पणियाँ