पीएम मोदी के 75वें जन्मदिवस पर प्रदेश सरकार की विशेष पहल
जयपुर ग्रामीण में सेवा पखवाड़ा की भव्य शुरुआत
प्रशासनिक सक्रियता व जनहितकारी योजनाओं से ग्रामीणों के चेहरे पर खिला उज्ज्वल भविष्य का संकल्प
फुलेरा / जयपुर ग्रामीण (योगेन्द्र गहलोत) : देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के पावन अवसर पर प्रदेश सरकार ने जनसेवा की नई गाथा लिखते हुए सेवा पखवाड़ा अभियान की शुरुआत की है। जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में फुलेरा, सिनोदिया, मूंडवाडा, किशनगढ रेनवाल के मूंडोती व पचकोडिया में आयोजित शहरी व ग्रामीण सेवा शिविरों ने यह संदेश दिया कि सरकार केवल योजनाएं बनाकर नहीं, उन्हें हर नागरिक तक पहुँचाकर उसका प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित कर रही है।
इन सेवा शिविरों में राज्य के 16 विभागों के अधिकारी व कर्मचारी सक्रिय रूप से कार्यरत रहे। किसान रजिस्ट्री, जाति-मूल निवास प्रमाण पत्र, पट्टे वितरण, पशु बीमा योजना, ग्रामीण विकास व राजस्व से जुड़ी 48 महत्वपूर्ण गतिविधियों को एक साथ संचालित किया गया। मौके पर ही ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं से जुड़ने का सहज अवसर प्रदान किया गया। सांभर लेक उपखंड अधिकारी ऋषि राज कपिल ने बताया कि यह अभियान जनसेवा को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक प्रयास है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के संकल्पानुसार सेवा पखवाड़ा नागरिकों को उनके हक तक पहुँचाने, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने और प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाने का माध्यम बन चुका है। हमारा प्राथमिक उद्देश्य यह है कि कोई भी नागरिक अपने अधिकार से वंचित न रहे। पूर्व विधायक निर्मल कुमावत ने इस पहल को ग्राम्य विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि यह कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी बनकर उभरा है। इससे सामाजिक बदलाव की नई लहर पैदा हो रही है। सहायक विकास अधिकारी महावीर सिंह ने बताया, “अब सरकारी योजनाएं गांव-गांव तक पहुंच रही हैं। दूर-दराज के क्षेत्रों में भी लोगों को उनके अधिकारों का लाभ सहजता से मिल रहा है। लाभार्थी मुन्ना लाल ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि पहले योजनाओं का लाभ पाना कठिन था, लेकिन आज सभी सुविधाएं एक जगह उपलब्ध हैं। यह पहल हमारे लिए वरदान साबित हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिवस पर शुरू हुआ यह सेवा पखवाड़ा अभियान समाज के कमजोर वर्ग को सशक्त करने, हर नागरिक को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और प्रशासन को जनसेवा के प्रति समर्पित करने में निर्णायक साबित हो रहा है। आने वाले दिनों में सेवा शिविरों की व्यापक श्रृंखला के माध्यम से प्रदेश के हर नागरिक तक सशक्त सेवा पहुंचाई जाएगी, ताकि हर व्यक्ति सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभार्थी बन सके।


0 टिप्पणियाँ