रिटायर्ड फौजी की संदिग्ध मौत मामले मे दूसरे दिन भी नहीं दर्ज हुई प्राथमिकी
औडाबगीचा गांव में रिटायर्ड फौजी निरंजन साव की संदिग्ध मौत मामले में घटना के दूसरे दिन भी प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है। वहीं, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने मंगलवार के देर रात्रि लगभग 11 बजे मृतक के घर पहुंचकर मौके का निरीक्षण और सैंपल कलेक्ट किया। घटनास्थल से मिट्टी और अन्य वस्तुओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।इस मामले में धरहरा थाना प्रभारी बंटी कुमारी ने बताया कि अब तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है, इसलिए प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकी है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।मंगलवार के दोपहर लगभग 3 बजकर 30 मिनट पर हुई इस घटना में मृतक का पूरा शरीर मिट्टी से सना हुआ था, जिससे गांव में कई तरह की आशंकाएं गहराती जा रही हैं। संदेह के बीच परिजन और ग्रामीणों को इस अप्रत्याशित मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी का इंतजार है।पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इस असामयिक और रहस्यमयी मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। मृतक की पत्नी राधा देवी इस कदर आघात में हैं कि वह किसी से बात करने की स्थिति में भी नहीं हैं। उनके दोनों बच्चे कुणाल कुमार (25) और सोनाली कुमारी (17) भी पिता के निधन से टूट चुके हैं।घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों में दुख और आशंका दोनों है। लोग अब इस घटना से पर्दा उठने का इंतजार कर रहे हैं।



0 टिप्पणियाँ