भूसा बंटवारे को लेकर दो गोतनी में विवाद, मां-बेटियों समेत चार घायल

 


भूसा बंटवारे को लेकर दो गोतनी में विवाद, मां-बेटियों समेत चार घायल

By Chandan Kumar 

महरना गांव में कहासुनी के बाद मारपीट का आरोप, ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने की बात; डायल 112 की टीम पहुंची


मुंगेर जिले के धरहरा थाना क्षेत्र के महरना गांव में रविवार देर रात भूसा के बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में जूली देवी (40), उनकी पुत्री रिंकी कुमारी (17) और पल्लवी कुमारी (16) समेत चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरहरा में कराया गया।

भूसा रखने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जूली देवी के अनुसार, भूसा के बंटवारे को लेकर उनकी गोतनी सोनम देवी से विवाद हुआ था। जूली देवी का आरोप है कि भूसा को एक घर में रखकर ताला लगा दिया गया था। भूसा मांगने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

जूली देवी ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे से मारपीट हुई। उन्होंने सोनम देवी और उनके पुत्र आयुष राज पर अपने और अपनी दोनों बेटियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।

बेटी की उंगली में चोट लगने का दावा

जूली देवी के मुताबिक, मारपीट के दौरान उनकी एक पुत्री के दाहिने हाथ की उंगली में गंभीर चोट आई है। उन्होंने मोबाइल फोन छीनकर तोड़ने का भी आरोप लगाया है। घटना में जूली देवी और उनकी दोनों पुत्रियों को चोटें आने की बात कही गई है।

वहीं, दूसरे पक्ष की सोनम देवी को भी हल्की चोट लगने की जानकारी है। दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद को लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इलाज के दौरान चिकित्सक से बदसलूकी का आरोप

ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक नंदकिशोर महतो ने बताया कि इलाज के दौरान सोनम देवी ने उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी की और वीडियो बनाने लगीं। हालांकि, इस संबंध में संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आना बाकी है।

पुलिस ने जांच का दिया भरोसा

घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला। धरहरा थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि मामले में आवेदन मिलने के बाद जांच की जाएगी और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, घटना के कारणों और दोनों पक्षों के आरोपों की पुलिस स्तर से जांच की जा रही है। पुलिस की जांच और आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई होने की बात कही गई है। 

By Chandan Kumar 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ