मुंगेर के जंगल में नक्सली गतिविधियों की आहट, एसटीएफ ने बरामद किया संदिग्ध सामान
रिपोर्टर चन्दन कुमार।
भैंसादाह पहाड़ी के जंगल में नक्सली सामग्री बरामद, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
https://youtu.be/Wt94brlnyW4
गुफा में छिपाकर रखी गई वर्दी, केन कंटेनर और नक्सली साहित्य मिला, एसटीएफ-पुलिस का सर्च ऑपरेशन तेज
धरहरा (मुंगेर)। मुंगेर जिले के धरहरा प्रखंड अंतर्गत लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र के भैंसादाह पहाड़ी स्थित पिलवाही कोल के जंगल में नक्सलियों की गतिविधियों से जुड़ी सामग्री मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस द्वारा चलाए गए संयुक्त सर्च अभियान में जंगल की एक गुफा से नक्सली उपयोग की कई सामग्री बरामद की गई।
जानकारी के अनुसार, जमालपुर एसटीएफ डीएसपी पंकज कुमार और लड़ैयाटांड़ थानाध्यक्ष विभांशु शेखर भास्करम के नेतृत्व में चलाए गए विशेष सी-लेवल सर्च ऑपरेशन के दौरान गुफा की तलाशी ली गई। इस दौरान 10 किलोग्राम क्षमता का एक खाली केन कंटेनर (बिना विस्फोटक), पानी से भरे पांच खाली केन कंटेनर, काले रंग की दो सेट नक्सली वर्दी, एक खाली बैग, दो इलेक्ट्रिक क्लिप, इलेक्ट्रिक वायर के छोटे-छोटे टुकड़े, नक्सली साहित्य और कुछ दस्तावेजों के अवशेष बरामद किए गए।
एसटीएफ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बरामद सभी केन डिफ्यूज अवस्था में थे और उनमें किसी प्रकार का विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला। इसके बावजूद बरामद सामग्री को गंभीरता से लेते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि अभियान के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति पुलिस के हाथ नहीं लगा।
डीएसपी पंकज कुमार ने बताया कि बरामद सामग्री को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह सामान जंगल में कब, किसके द्वारा और किस उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था। स्थानीय पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम आसपास के गांवों और जंगलों से भी सूचनाएं एकत्र कर रही है।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। यदि इस बरामदगी का संबंध किसी सक्रिय नक्सली नेटवर्क से जुड़ा पाया जाता है तो आगे बड़े खुलासे की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।

0 टिप्पणियाँ