पहले जमकर किया भ्रष्टाचार, जदयू विधायक ने राजस्व मंत्री से की शिकायत तो आरओ ने उन्हें भी दिलाई धमकी, केस दर्ज
सुपौल से मोहम्मद नजीर आलम कि रिपोर्ट
:: जनसुराज जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर आरओ की भ्रष्ट कार्यशैली को लेकर कई किए खुलासे
:: सुपौल में गौरवगढ़ मौजा के 9 एकड़ जमीन का दाखिल खारिज स्वीकृत करने के एवज में सास के नाम लिया 3 करोड़ की जमीन
:: कार्रवाई की मांग किए जाने पर जदयू विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव को आरओ ने दिलाई धमकी, सदर थाना में केस दर्ज
:: सीतामढ़ी से सुपौल तक संदीप कुमार ने पद का किया दुरूपयोग, जमकर किया भ्रष्टाचार अब ईओयू से चल रही जांच
:: 3 जून को ईओयू की टीम पहुंची सुपौल तो 4 जून को सीतामढ़ी में ईओयू की टीम ने की जांच
सुपौल। एक तो चोरी ऊपर से सीना जोड़ी। ये मुहावरा सदर आरओ संदीप कुमार पर एकदम सटीक बैठता है। पहले पूर्व पोस्टिंग सीतामढ़ी और सुपौल में जमकर भ्रष्टाचार को अंजाम दिया। सीतामढ़ी के प्रतिनिधियों के साथ सभापति, विधानसभा और दो-दो विधायक को उनकी हैसियत दिखा दी। यहां तक कि इतने दबंग निकले कि मंत्री से शिकायत किए जाने पर जदयू विधायक तक को धमकी दिला दी। अपने 4 साल के कार्यकाल में बेखौफ काले कारनामों को अंजाम दिया। सोमवार को जनसुराज जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर आरओ की भ्रष्ट कार्यशैली को लेकर कई खुलासे किए। उन्होंने बताया कि सुपौल में सीओ और आरओ पद पर रहने के दौरान संदीप कुमार ने दाखिल खारिज के लिए तीन करोड़ का घूस लिया। उन्होंने बताया कि वाद संख्या 687/25-26 के तहत गौरवगढ़ मौजा के खाता संख्या 294 के 9 एकड़ जमीन के दाखिल खारिज के लिए तारकेश्वर प्रसाद सिंह सहित 5 अन्य ने आवेदन किया था। इसमें 19 जून 2025 को आपत्ति भी दर्ज कराई गई। इसके बावजूद 19 जुलाई 2025 दाखिल खारिज स्वीकृत कर दिया गया। इस एवज उन्होंने उसी खाते के तीन करोड़ की जमीन अपने सास के नाम पर रजिस्ट्री करवाई। अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दाखिल खारिज स्वीकृत करने के बाद महज करीब 12 दिन बाद आरओ सह तत्कालीन सीओ की सास रीना कुमार सीतामढ़ी मेला रोड निवासी के नाम पर 6 कट्टा जमीन दाखिल खारिज कराया गया। आरओ के शादी कार्ड से रीना कुमारी के उसके सास होना प्रमाणित हुआ है। दाखिल खारिज में जमीन का कुल कीमत 66 लाख बताया गया है लेकिन वर्तमान जमीन की कीमत करीब 3 करोड़ के मूल्य का बताया जा रहा है।
कार्रवाई की मांग किए जाने पर जदयू विधायक को आरओ ने दिलाई धमकी:
जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार के साथ आरओ संदीप कुमार अपराध में भी काफी आगे चल रहे हैं। विधायक द्वारा राजस्व विभाग से आरओ की जांच और कार्रवाई की मांग पर उन्हें धमकी दिलाई गई। इसको लेकर विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव के अंगरक्षक के आवेदन पर सदर थाना में केस भी दर्ज किया गया। थाना को दिए आवेदन में रघुवीर कुमार पिटा मदन प्रसाद यादव, सा० जयपुर, थाना परमानन्दपुर, जिला मधेपुरा का निवासी हूँ। वर्तमान में मैं माननीय विधायक निर्मली, श्री अनिरुद्ध प्रसाद यादव के अंगरक्षक के रूप में कार्यरत हूँ। दिनांक 03.06.2026 को समय करीब 13:50 बजे माननीय विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव अपने आवास वार्ड संख्या 04, सुपौल थाना व जिला सुपौल पर बैठे हुए थे। मैं भी माननीय विधायक जी के साथ ही था। तभी माननीय विधायक जी के मोबाइल नंबर 7250553048 पर मोबाइल नंबर 9006443518 से फोन आया और माननीय विधायक जी को काफी बुरा-भला तथा अपमानित भरे अपशब्द कहते हुए कहने लगा कि तुम राजस्व अधिकारी सुपौल संदीप कुमार को क्यों तंग-तबाह करते हो। तुमको पहले भी हम फोन किये थे कि संदीप कुमार मेरा ब्लड रिलेशन में पड़ता है। इसके बाद आप संदीप कुमार के काम में हस्तक्षेप कीजिएगा तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहिएगा। अब तुम्हें फोन नहीं करेंगे, कार्रवाई करके दिखाएंगे। पूर्व में भी माननीय विधायक जी को सुपौल एवं अंचल सोनवर्षा, जिला सहरसा, जहाँ संदीप कुमार राजस्व पदाधिकारी के रूप में पूर्व में पदस्थापित थे, वहीं के पूर्व उप प्रमुख के द्वारा राजस्व अधिकारी संदीप कुमार के विरुद्ध गलत कार्य करने का आरोप लगाकर कागजात दिया था, जिसे विधायक जी माननीय राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के कार्यालय में जाकर दिनांक 26.05.2026 को माननीय मंत्री जी को हस्तगत कराया गया था। मंत्री जी के द्वारा राजस्व अधिकारी संदीप कुमार के विरुद्ध कार्रवाई करने का भरोसा दिया गया था। मंत्री जी को राजस्व अधिकारी संदीप कुमार के विरुद्ध आवेदन देने के दो दिन के बाद माननीय विधायक जी को फोन आया और बोला कि राजस्व अधिकारी संदीप कुमार का खास ब्लड रिलेशन हूँ और राजनीति में हूँ। आप राजस्व अधिकारी संदीप कुमार को क्यों तंग-तबाह कर रहे हो। विधायक जी उनको बोले भी कि ऐसी कोई बात नहीं है। उपर्युक्त फोन करने वाला आदमी बोला कि आगे से आप राजस्व अधिकारी को तंग-तबाह मत कीजिएगा, नहीं तो रंगदारी देने और अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहिएगा।
आरओ पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की ईओयू कर रही जांच:
जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सीतामढ़ी सोनवर्षा में आरओ सह प्रभारी सीओ के पद पर रहने के दौरान कई भ्रष्ट कारनामों को अंजाम दिया है। इसको लेकर सीतामढ़ी में जय किशोर साह, पूर्व प्रमुख सहित कई शिकायतें दर्ज कराई गई। मोटी रकम लेकर रद्द दाखिल खारिज को स्वीकृत करने सहित कई आरोप लगे। बिहार विधान परिषद के तत्कालीन सभापतिने 2023 में विभाग को संदीप कुमार पर कार्रवाई को भी लिखा। साथ ही विधानसभा में भी आरओ सह प्रभारी सीओ का मुद्दा उठाया गया था। इसके अलावा सुपौल कार्यकाल में भी विभाग से सीतामढ़ी के मामलों को लेकर कई शोकॉज पूछा गया। यही नहीं 3 जून को ईओयू की टीम सुपौल भी जांच पहुंची थी। साथ 4 जून को सीतामढ़ी में ईओयू की टीम ने जांच की। जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने जिला प्रशासन, निगरानी विभाग, ईओयू से जांच और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट पदाधिकारियों के खिलाफ जन सुराज ने मोर्चा खोल दिया है। अब भ्रष्ट पदाधिकारियों पर कार्रवाई होगी।


0 टिप्पणियाँ